![]()
इटावा में आगामी पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में सभी सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन तरीके से संपन्न कराने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले लगभग 25 हजार अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों के जनपद में आने की संभावना को देखते हुए सभी रैन बसेरों की साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित कर ली जाएं। साथ ही रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और प्रमुख चौराहों पर रैन बसेरों की सूची चस्पा की जाए ताकि बाहर से आने वाले लोगों को ठहरने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। बैठक में बताया गया कि जनपद के 11 परीक्षा केंद्रों पर 8, 9 और 10 जून 2026 को परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में कराई जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। प्रत्येक पाली में लगभग 4272 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। जिलाधिकारी ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के आसपास स्पष्ट साइन बोर्ड लगाए जाएं ताकि अभ्यर्थियों को केंद्र तलाशने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। उन्होंने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को परीक्षा से एक दिन पहले केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए, जिससे किसी भी प्रकार की कमी या समस्या को समय रहते दूर किया जा सके। बैठक में परीक्षा की गोपनीयता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्देश दिए गए कि प्रश्नपत्रों के सीलबंद पैकेट परीक्षा शुरू होने से 35 मिनट पूर्व सीसीटीवी कैमरों और वीडियोग्राफी की निगरानी में ही खोले जाएंगे। परीक्षा केंद्रों के अंदर किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
Source link
इटावा में पुलिस भर्ती परीक्षा, प्रशासन सतर्क:निष्पक्ष आयोजन हेतु बैठक में रणनीति तैयार