इटावा में ट्यूबवेल की छत पर मिला युवक का शव:अहेरीपुर में पिछले 4 दिनों से लापता था, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य


बकेवर थाना क्षेत्र के अहेरीपुर गांव में बुधवार सुबह करीब 9 बजे एक ट्यूबवेल के कमरे की छत पर युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा था, जिससे मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर अहेरीपुर पुलिस मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। फॉरेंसिक टीम भी साक्ष्य जुटाने में जुट गई है। ग्रामीणों ने मृतक की पहचान गोपियापुर, थाना बकेवर निवासी हरिओम पुत्र गजराज सिंह (30 वर्ष) के रूप में की। परिजनों ने बताया कि हरिओम बीते रविवार से लापता था। उसका छोटा भाई हरि गौतम, जो बाहर नौकरी करता है, मंगलवार को ही घर लौटा था और उसने अपने भाई की तलाश शुरू की। परिजनों के अनुसार, हरिओम मेहनत-मजदूरी कर अपना जीवनयापन करता था। वह अविवाहित था और परिवार में तीन भाइयों में से दो की शादी हो चुकी है। हरिओम को शराब पीने की भी आदत थी। इसी आशंका के चलते उसका भाई बुधवार को अहेरीपुर स्थित शराब के ठेके के आसपास उसकी तलाश कर रहा था। तलाश के दौरान ठेके के सामने खेत में बने एक ट्यूबवेल के कमरे की छत पर हरिओम का शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। सूचना पर थाना बकेवर पुलिस व अहेरीपुर चौकी इंचार्ज भगबान सिंह भी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उच्च अधिकारियों को अभी अवगत कराया गया। थानाध्यक्ष विपिन मलिक ने बताया कि मृतक युवक अविवाहित था, और शराब के नशे का आदी था। इसके चार दिन से लापता होने की परिजनों ने कोई सूचना पुलिस को नहीं दी थी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *