![]()
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर दोपहर बाद गोरखपुर पहुंचेंगे। इस दौरान वह विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय गोरखपुर (MGUG) के स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे। वह इस विश्वविद्यालय के कुलाधिपति भी हैं। शनिवार को राप्तीनगर में बने कल्याण मंडपम का लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है।
मुख्यमंत्री दोपहर बाद लगभग 1 बजे गोरखपुर पहुंचेंगे। वह गोरखनाथ मंदिर जाएंगे और गुरु गोरखनाथ की पूजा अर्चना करेंगे। उसके बाद ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर जाकर उनका आशीर्वाद लेंगे। दोपहर बाद लगभग 3 बजे से MGUG में आयोजित विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस समारोह में उपस्थित रहेंगे और विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे। मुख्यमंत्री शाम को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित होने वाली शिक्षा विभाग की बैठक को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक में छात्र-छात्राओं के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराने पर चर्चा होगी। शिक्षकों के रिक्त पदों पर भी बात होने की संभावना है। जेन अल्फा आंदोलन के बाद सुधार को लेकर कई कदम उठाए जा रहे हैं। सीएम शनिवार को राप्तीनगर में निर्मित कल्याण मंडपम का लोकार्पण करेंगे। जीडीए की ओर से सीएम की विधायक निधि से इसका निर्माण कराया गया है। जीडीए की ओर से ही इसकी बुकिंग भी की जाएगी। अंत्योदय कार्ड धारकों को यह कल्याण मंडपम 11 हजार में तो सामान्य लोगों को 21 हजार में दिया जाएगा। इसी कार्यक्रम में नगर निगम की कुछ विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास भी किया जाएगा। कल्याण मंडपम की 11 व 21 हजार में होगी बुकिंग समाज के अल्प एवं मध्यम आय वर्ग के लोगों के मांगलिक-पारिवारिक आयोजनों के लिए मैरिज हाउस का रियायती विकल्प देने के लिए बशारतपुर में भी भव्य ‘कल्याण मंडपम’ बनकर तैयार हो गया है। सीएम योगी की विधायक निधि से गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा बनवाए गए इस कल्याण मंडपम का लोकार्पण मुख्यमंत्री, 29 अगस्त को दोपहर बाद करेंगे। इसकी बुकिंग जीडीए करेगा। अंत्योदय कार्ड धारकों को 11 हजार रुपये में तो सामान्य लोगों को 21 हजार रुपये में यहां आयोजन करने का अधिकार मिलेगा। जीडीए के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने बताया कि वार्ड नंबर 80, राप्ती नगर के अंतर्गत बशारतपुर कल्याण मंडपम का निर्माण 2593 वर्गमीटर भूमि पर 3.10 करोड़ रुपये की लागत से कराया गया है। आधुनिक सुविधाओं और आकर्षक वास्तुकला से सुसज्जित कल्याण मण्डप दो तल में बने हैं। भूतल पर 225 लोगों की क्षमता का हाल, किचन, स्टोर, ऑफिस, चेंज रूम और महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अलग अलग टॉयलेट बनाए गए हैं। प्रथम तल पर एक हाल, अटैच्ड टॉयलेट और ड्रेसिंग रूम सहित छह कमरों का निर्माण कराया गया है। परिसर में मुख्य भवन के सामने एक आकर्षक फव्वारा भी बनवाया गया है। कल्याण मंडपम आने वाले वाहनों के लिए परिसर के अंदर ही इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाकर अलग से पर्याप्त पार्किंग का प्रावधान किया गया है। परिसर में लॉन भी विकसित किया गया है और फूल पौधे लगाकर सजाया गया है। कल्याण मंडपम से विवाह, समाजिक आयोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा सामूहिक उत्सवों के लिए आमजन को काफी सहूलियत मिलेगी। अब तक महानगर में छह कल्याण मंडपम का लोकार्पण मुख्यमंत्री के हाथों हो चुका है। इनमें खोराबार, सूरजकुंड, मानबेला, राप्तीनगर विस्तार क्षेत्र के टोला पीरू शहीद, बिछिया जंगल तुलसीराम और जंगल बेनी माधव के कल्याण मंडपम शामिल हैं। कल्याण मंडपम बनाने का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को विवाह, तिलक, मुंडन और अन्य सामाजिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए किफायती दरों पर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
Source link
आज MGUG में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे CM:दो दिवसीय दौरे पर आएंगे; कल्याण मंडपम का लोकार्पण करेंगे