![]()
श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण में गिरफ्तार आठों आरोपियों को सोमवार को एक बार फिर अदालत में पेश किया जाएगा। इससे पहले शुक्रवार को गिरफ्तारी के बाद मोहर्रम अवकाश के कारण उन्हें रिमांड मजिस्ट्रेट निवेदिता सिंह की अदालत में पेश किया गया था, जहां से सभी को सोमवार तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था। अब आगे की न्यायिक प्रक्रिया को लेकर सभी की नजरें अदालत की कार्रवाई पर टिकी हैं। 79.85 लाख नकद, सोना-चांदी और अहम साक्ष्य जब्त पुलिस जांच में अब तक आरोपियों के कब्जे से 79.85 लाख रुपये नकद, सोने की चेन, चांदी के सिक्के, चांदी के पत्ते समेत अन्य कीमती सामान बरामद किया गया है। ट्रस्ट द्वारा बरामद नकदी और आभूषणों को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर न्यायालय में अहम साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किया है। सबसे अधिक 20.40 लाख रुपये अविनाश शुक्ला के पास से मिले हैं। इसके अलावा लवकुश मिश्र से 14.25 लाख, करुणेश पांडेय से 18.07 लाख, अनुकल्प मिश्र से 16.82 लाख, रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू से 10 लाख, रामशंकर मिश्र से 7.32 लाख और मनीष यादव से 2 लाख रुपये बरामद किए गए हैं। दो-तीन आरोपियों के यहां से अमेरिकी डॉलर भी मिले हैं। सात ठिकानों पर छापेमारी, संपत्ति के दस्तावेज जब्त रविवार को विवेचक सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी के नेतृत्व में गठित छह टीमों ने सुबह से देर शाम तक सात आरोपियों के घरों और अन्य ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान संपत्तियों से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज, सोने-चांदी के गहने, सिक्के और नकदी जब्त की गई। पुलिस ने आरोपियों के परिजनों से कई घंटे पूछताछ भी की और वित्तीय लेनदेन की जांच शुरू कर दी है। शहर से गांव तक फैला आरोपियों का नेटवर्क जांच में सामने आया है कि आरोपी अयोध्या, मिल्कीपुर, रुदौली, सुल्तानपुर और प्रतापगढ़ से जुड़े हैं। जांच एजेंसियां उनके पैतृक और वर्तमान ठिकानों के साथ आपसी संपर्कों और आर्थिक गतिविधियों की भी गहन पड़ताल कर रही हैं। कहां के रहने वाले है आरोपी जानकारी के अनुसार, अनुकल्प मिश्र अयोध्या सदर तहसील की कोशलपुरी कॉलोनी में रहता है, जबकि उसका पैतृक मकान मिल्कीपुर तहसील के इटगांव में है। करणेश पांडेय मिल्कीपुर तहसील के अमयामाफीपुर गांव का निवासी है। मनीष कुमार यादव और रामशंकर यादव उर्फ चिन्नू सदर तहसील के नयाघाट क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। वहीं सत्यप्रकाश मिश्र रुदौली तहसील के उधरन फेमौली गांव का निवासी है। इसी मामले में आरोपी रामशंकर मिश्र का पैतृक निवास सुल्तानपुर जनपद में है, हालांकि वर्तमान में वह सदर तहसील के मीरापुर रामसेवक योगशाला परिसर में रह रहा था। अभिनव शुक्ला प्रतापगढ़ जिले के महेशगंज थाना क्षेत्र के बाबूपुर गांव का रहने वाला है और वर्तमान में अयोध्या शहर की कोशलपुरी कॉलोनी में निवास कर रहा है। वहीं सुभाष श्रीवास्तव सदर तहसील के बेनीगंज स्थित अनंतीपुरम कॉलोनी में रहता है। बार एसोसिएशन आज करेगा बड़ा फैसला फैजाबाद बार एसोसिएशन ने सोमवार सुबह 10:30 बजे विशेष बैठक बुलाई है। बैठक में यह तय किया जाएगा कि चढ़ावा चोरी मामले में नामजद आठों आरोपियों की पैरवी बार के अधिवक्ता करेंगे या नहीं। अध्यक्ष कालिका मिश्रा ने बैठक की पुष्टि की है। ऐसे में सोमवार को अदालत की कार्रवाई के साथ बार एसोसिएशन के निर्णय पर भी सभी की निगाहें टिकी हैं।
Source link
आज कोर्ट में पेश होंगे आठों आरोपी:अयोध्या पुलिस आज पेश करेगी सबूत, बार एसोसिएशन की बैठक में होगा फैसला, आरोपियों की पैरवी करेंगे या नहीं