![]()
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा बुधवार को लखनऊ में ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना के शुभारंभ एवं विशेष बसों के फ्लैग-ऑफ कार्यक्रम का आजमगढ़ के हरिऔध कला केंद्र में सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान, एमएलसी विजय बहादुर पाठक, भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह, सीडीओ राकेश कुमार पटेल, एडीएम गंभीर सिंह समेत बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। रक्षाबंधन के अवसर पर जिले की 500 महिलाओं को साड़ी और मिष्ठान का उपहार भी दिया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने मुख्यमंत्री की इस पहल को महिला सम्मान और सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रक्षाबंधन के पावन अवसर पर प्रदेश की सभी माताओं, बहनों और बेटियों को 27, 28 और 29 अगस्त तक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) तथा सिटी बसों में एक सहयात्री के साथ निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। उन्होंने मातृशक्ति को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सुविधा बहनों के लिए त्योहार का उपहार है।
60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को स्थायी निशुल्क यात्रा
‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना के तहत उत्तर प्रदेश की 60 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाओं को UPSRTC की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर महिला स्वावलंबन और सशक्तीकरण की प्रेरणास्रोत रही हैं। इसलिए उनके नाम पर इस योजना का नाम रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की 8,000 न्याय पंचायतों में डिजिटल एंटरप्रेन्योरशिप को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिसमें 50 प्रतिशत डिजिटल एंटरप्रेन्योर महिलाएं होंगी। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। मंत्री बोले महिला सशक्तीकरण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है
कार्यक्रम में कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान और एमएलसी विजय बहादुर पाठक ने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान करते हुए निशुल्क बस यात्रा की सुविधा देना सरकार की महिला सशक्तीकरण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने महिलाओं से योजना का लाभ उठाने और मनचाही यात्रा करने की अपील की। इस अवसर पर परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार बाजपेई, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक कुंवर हरिओम श्रीवास्तव व अजय सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थिति रहे।
Source link
आजमगढ़ में बोले सरकार के मंत्री दारा सिंह चौहान:रक्षाबंधन पर मातृशक्ति को सरकार का उपहार, 27 से 29 अगस्त तक निशुल्क बस यात्रा