आगरा में बारिश से नाले में समाई सड़क:कई मकानों में दरारें, 24 घंटे बाद भी नहीं पहुंची नगर निगम की टीम, लोगों का आना-जाना बंद


आगरा थाना ताजगंज क्षेत्र के नवादा पातीराम बगीची में देर शाम हुई तेज बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन गई। बारिश का पानी इतना भरा कि मोहल्ले की पूरी सड़क नाले में समा गई। सड़क के साथ नाले की बाउंड्री भी धंस गई। हादसे से इलाके में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों के मुताबिक-देर शाम अचानक तेज बारिश शुरू हुई। कुछ ही देर में पानी का बहाव इतना तेज हो गया कि नाले की दीवार टूट गई और उसके ऊपर बनी सड़क भी नाले में समा गई। सड़क धंसने से आसपास के कई मकानों में दरारें आ गई हैं। लोगों का कहना है कि कई दिनों से जमीन के अंदर पानी रिस रहा है। इसी वजह से मिट्टी बैठ गई और सड़क ढह गई। लोगों का आरोप है कि अगर समय रहते नाले की मरम्मत हो जाती तो यह नौबत नहीं आती। मोहल्लेवासी रामवीर ने बताया-यहां हर बारिश में पानी भर जाता है। कल रात से अब तक न तो कोई अधिकारी आया और न ही किसी ने सुध ली। मकानों में दरारें आ गई हैं। बच्चे और बुजुर्ग डरे हुए हैं। कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। नगर निगम और प्रशासन से तुरंत सड़क और नाले की मरम्मत कराने की अपील की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *