![]()
लखनऊ में अवैध निर्माण के खिलाफ चल रहे अभियान को और धार देने के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) प्रवर्तन तंत्र को मजबूत करने जा रहा है। इसके तहत आउटसोर्सिंग के माध्यम से 50 जूनियर इंजीनियरों की भर्ती की जाएगी। इन अभियंताओं को आवश्यकता के अनुसार एलडीए के सातों प्रवर्तन जोनों में तैनात किया जाएगा, ताकि अवैध निर्माणों की निगरानी और कार्रवाई की रफ्तार बढ़ाई जा सके। शनिवार को एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने अधिकारियों के साथ बैठक कर भर्ती का प्रस्ताव जल्द तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजधानी का लगातार विस्तार हो रहा है और नई कॉलोनियों व निर्माण गतिविधियों में तेजी आई है। ऐसे में प्रभावी निगरानी के लिए तकनीकी स्टाफ की संख्या बढ़ाना जरूरी हो गया है। उपाध्यक्ष ने अधिकारियों से कहा कि भर्ती से जुड़ी सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर प्रस्ताव स्वीकृति के लिए प्रस्तुत किया जाए, ताकि नियुक्ति प्रक्रिया जल्द शुरू हो सके। उनका कहना है कि अतिरिक्त जूनियर इंजीनियरों की तैनाती से अवैध निर्माणों को शुरुआती स्तर पर ही चिन्हित कर रोका जा सकेगा। निरीक्षण और कार्रवाई होगी तेज एलडीए के मुताबिक नए जूनियर इंजीनियरों की तैनाती के बाद सातों प्रवर्तन जोनों की कार्यक्षमता बढ़ेगी। नियमित निरीक्षण, शिकायतों का त्वरित निस्तारण, अवैध निर्माणों की पहचान और सीलिंग व ध्वस्तीकरण जैसी प्रवर्तन कार्रवाइयों को अधिक प्रभावी ढंग से अंजाम दिया जा सकेगा। इससे शहर में अवैध निर्माण पर नियंत्रण की कवायद को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
Source link
अवैध निर्माण पर LDA की सख्ती होगी और तेज:50 जूनियर इंजीनियर भर्ती किए जाएंगे, आउटसोर्सिंग से होगी नियुक्ति