अवैध डेयरी पर छापा, 528 कुंतल मिलावटी पनीर नष्ट:संभल में मिलावटी पनीर-दूध, छह वाहन सीज


संभल में अवैध डेयरी पर प्रशासन और खाद्य विभाग की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी मात्रा में मिलावटी पनीर पकड़ा गया। सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार के नेतृत्व में खाद्य विभाग की टीम ने रायसत्ती थाना क्षेत्र के नाहरठेर गांव में सोमवार शाम एक डेयरी पर छापा मारा। जांच के दौरान पनीर में वजन बढ़ाने के लिए वनस्पति घी और दूध फाड़ने के लिए हानिकारक केमिकल के इस्तेमाल की बात सामने आई। कार्रवाई के दौरान 528 कुंतल पनीर नष्ट कराया गया और कई वाहनों को सीज किया गया। कार्रवाई सोमवार शाम करीब 5:30 बजे शुरू हुई और दो घंटे से अधिक समय तक चली। सिटी मजिस्ट्रेट को नाहरठेर गांव निवासी आदिल पुत्र अख्तर हुसैन द्वारा संचालित डेयरी में मिलावटी पनीर और दूध तैयार किए जाने की शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर प्रशासन और खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पनीर का वजन बढ़ाने के लिए वनस्पति घी का इस्तेमाल मौके पर क्षेत्रीय खाद्य निरीक्षक ने पनीर और दूध की जांच की। जांच के दौरान पनीर का वजन बढ़ाने के लिए वनस्पति घी मिलाए जाने की बात सामने आई। वहीं, दूध फाड़ने के लिए कथित तौर पर हानिकारक केमिकल का इस्तेमाल किया जा रहा था। खाद्य निरीक्षक को डेयरी से ग्लिसरॉल जैसी एक बोतल भी मिली। इसे दूध फाड़ने वाले केमिकल के रूप में इस्तेमाल किए जाने की बात बताई गई है। खाद्य विभाग ने पनीर का नमूना लेकर जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 151 पैकेट पनीर जेसीबी से गड्ढा खोदकर नष्ट कार्रवाई के दौरान डेयरी में अवैध रूप से भंडारित 151 पैकेट पनीर बरामद किए गए। अधिकारियों के मुताबिक, इनका कुल वजन करीब 528 कुंतल था। पनीर को जेसीबी की मदद से गड्ढा खोदकर मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने जांच के लिए एक किलो पनीर का नमूना भी लिया है। नमूने को परीक्षण के लिए भेजा जाएगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक इस्तेमाल का आरोप जांच के दौरान डेयरी में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक इस्तेमाल की बात भी सामने आई। सप्लाई विभाग की टीम ने ऐसे सिलेंडरों को जब्त कर लिया। डेयरी संचालक पर जीएसटी चोरी के आरोपों की भी जांच की जा रही है। इसके अलावा सहायक संभागीय अधिकारी की जांच में डेयरी परिसर में कई ऐसे वाहन मिले, जिनके दस्तावेज और वैधता संदिग्ध पाए गए। इनमें तीन मोटरसाइकिल, दो पिकअप, दो चार पहिया वाहन और एक मेटाडोर शामिल हैं। इन वाहनों को रायसत्ती थाने में सीज कर दिया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद डेयरी संचालक आदिल पुत्र अख्तर हुसैन के खिलाफ खाद्य सुरक्षा समेत संबंधित नियमों के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट और बरामद नमूनों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *