![]()
संभल में एक वस्त्र भंडार संचालक से अवैध कब्जा हटवाने का झांसा देकर 3.89 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। सीओ स्तुति सिंह के आदेश पर बहजोई कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी देने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है। यह मामला जनपद संभल की तहसील चंदौसी के थाना बहजोई कस्बा क्षेत्र के मोहल्ला गणेश कॉलोनी, काली मंदिर रोड का है। पीड़ित प्रकाश चंद शर्मा ने सीओ को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 6 फरवरी 2025 को वह अपनी जमीन की पैमाइश और कब्जा हटवाने की शिकायत लेकर लखनऊ गए थे। लखनऊ में उनकी मुलाकात शिशुपाल सिंह और अजय नामक दो व्यक्तियों से हुई। दोनों ने खुद को गृह मंत्रालय का कर्मचारी बताते हुए गृह सचिव से आदेश कराकर जमीन की पैमाइश कराने, अवैध कब्जा हटवाने और खतौनी के अनुसार कब्जा दिलाने का भरोसा दिया। आरोपियों ने इस कार्य के लिए पांच लाख रुपये की मांग की थी। पीड़ित ने 10 फरवरी को 70 हजार रुपये, 14 फरवरी को एक लाख रुपये, 21 फरवरी को 99 हजार रुपये तथा 11 मई 2025 को लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर एक लाख रुपये दिए। इस तरह कुल 3.89 लाख रुपये दिए गए। पीड़ित का आरोप है कि रुपये लेने के बाद भी आरोपियों ने न तो जमीन की पैमाइश कराई और न ही कब्जा हटवाया। शक होने पर उन्होंने लखनऊ जाकर गृह मंत्रालय में जानकारी की, जहां पता चला कि इस नाम का कोई कर्मचारी कार्यरत नहीं है। जब पीड़ित ने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी और झूठे मुकदमे में फंसाने तथा जान से मारने की धमकी भी दी। इंस्पेक्टर राजीव कुमार मलिक ने बताया कि मैनपुरी जिले के करहल थाना क्षेत्र के गांव असपुर निवासी शिशुपाल सिंह और लखनऊ निवासी अजय के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी देने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
Source link
अवैध कब्जा हटवाने के नाम पर ₹3.89 लाख की ठगी:गृह मंत्रालय कर्मचारी बनकर ठगा, संभल में मैनपुरी-लखनऊ के दो ठगों पर FIR