![]()
अयोध्या के सोहावल ब्लॉक मुख्यालय सभागार में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में 181 नवचयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र और 434 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन वितरित किए गए। इस दौरान नवजात बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार और गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म भी संपन्न कराई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान ने किया। उन्होंने सोहावल ब्लॉक की 101 और मसौधा ब्लॉक की 80 सहित कुल 181 सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। इसी कार्यक्रम में सोहावल की 225 और मिल्कीपुर की 209 सहित कुल 434 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन वितरित किए गए। ‘डिजिटल सशक्तिकरण से योजनाओं की निगरानी होगी बेहतर’ विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और मुख्य सेविकाएं समाज की आधारशिला हैं। वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकत्रियों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने और योजनाओं के संचालन व निगरानी को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार स्मार्टफोन उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डिजिटल सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है। इससे सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बढ़ी है और जमीनी स्तर पर काम करने वाली महिलाओं की कार्यक्षमता भी बढ़ी है। ‘मेरिट से चयन हुआ है, उसी भावना से काम करें’ डॉ. चौहान ने नवचयनित सहायिकाओं से पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनका चयन मेरिट के आधार पर हुआ है, इसलिए वे क्षेत्र में भी निष्पक्षता और ईमानदारी से काम करें। साथ ही ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दें, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी योजना से वंचित न रहे। कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी हरिश्चंद्र सिंह, सीडीपीओ अनीता सोनकर, मीनाक्षी पांडेय, किशन लाल, रमेश सिंह, आशीष श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी सहायिकाएं, कार्यकत्रियां और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
Source link
अयोध्या में 181 आंगनबाड़ी सहायिकाओं को मिले नियुक्ति पत्र:434 कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन; विधायक बोले- डिजिटल सशक्तिकरण से बढ़ेगी कार्यक्षमता