![]()
अयोध्या के ग्रामीण इलाकों में बिजली कटौती हो रही है। बार -बार बिजली कटने से लोगों को रोजमर्रा के कामों में परेशानी आ रही है। सोमवार रात भी कई गांवों में घंटों बिजली गुल रही, जिससे ग्रामीणों को रातभर जागकर समय बिताना पड़ा। कुमारगंज, अमानीगंज, तुरश्मपुर, मिल्कीपुर, खड़भड़िया, रानी बाजार, बाबा बाजार, सैदपुर और सोहावल समेत कई उपकेंद्रों से जुड़े गांवों में रोजाना बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि रात में अचानक लाइन ट्रिप हो जाती है और दो-दो घंटे तक बिजली नहीं आती। कई गांवों में 24 घंटे में केवल तीन से चार घंटे ही बिजली मिल रही है। सबसे अधिक परेशानी अमानीगंज क्षेत्र के जयराजपुर फीडर से जुड़े गांवों में है। फीडर के बार-बार फेल होने से सैकड़ों गांव अंधेरे में डूब जाते हैं। स्थानीय उपभोक्ता पवन पांडे, सर्वेश सिंह, बबलू सिंह, संतोष मिश्रा, शिव प्रकाश शुक्ला, नंदकुमार और राजेश कुमार ने बताया कि शिकायतें करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। ग्रामीण राजित राम, शिवा प्रताप, दयानंद और रामकिशोर ने बताया कि बिजली कटौती के साथ लो वोल्टेज भी बड़ी समस्या बन गई है। हल्की हवा चलते ही तारों में फॉल्ट हो जाता है। कर्मचारी मरम्मत तो करते हैं, लेकिन आपूर्ति बहाल होने में कई घंटे लग जाते हैं। उमस के कारण रात में बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे ज्यादा दिक्कत उठानी पड़ रही है। खेतों की सिंचाई और घरेलू कामकाज भी प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने जर्जर तार बदलने, खराब ट्रांसफार्मरों को बदलने, बिजली लाइनों से पेड़ों की टहनियों की छंटाई कराने और तय रोस्टर के अनुसार नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। क्या बोले अधिकारी उपखंड अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि क्षेत्र में लो वोल्टेज और पेड़ों की डालियों के कारण बिजली लाइनों में फॉल्ट की समस्या बनी हुई है। बारिश नहीं होने से भी वोल्टेज प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग की टीमें लगातार लाइनों की मरम्मत में जुटी हैं और जल्द व्यवस्था में सुधार का प्रयास किया जा रहा है।
Source link
अयोध्या में हो रही बिजली कटौती:बार- बार लाइट कटने से लोगों को रात बाहर जागना पड़ रहा, किसान परेशान