![]()
अयोध्या में धान की रोपाई के बाद पर्याप्त बारिश नहीं होने से किसान परेशान थे। खेतों में नमी की कमी के कारण कई स्थानों पर धान की फसल पीली पड़ने लगी थी और खरपतवार तेजी से फैल रहे थे। फसल बचाने के लिए किसानों को खरपतवारनाशक और सूक्ष्म पोषक तत्वों का छिड़काव करना पड़ रहा था, जिससे खेती की लागत बढ़ रही थी। बिजली कटौती के चलते सिंचाई व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी। ऐसे में शनिवार दोपहर करीब तीन बजे के बाद कुमारगंज और आसपास के इलाकों में तेज बारिश शुरू हुई। बारिश के साथ घने बादल छा गए, जिससे मौसम सुहाना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। किसानों का कहना है कि यदि अगले कुछ दिनों तक इसी तरह बारिश होती रही तो धान की फसल को नया जीवन मिल सकता है। उनका मानना है कि इससे उत्पादन पर पड़ने वाले प्रतिकूल असर को काफी हद तक कम किया जा सकेगा। मौसम वेधशाला ने दर्ज किए आंकड़े आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज की मौसम वेधशाला के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 84 प्रतिशत और न्यूनतम 64 प्रतिशत रही। हवा दक्षिण-पूर्व दिशा से 8.5 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली। अगले 24 घंटे हल्की बारिश के आसार मौसम वैज्ञानिक डॉ. सीताराम मिश्रा ने बताया कि अगले 24 घंटों में पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने और कई स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। उन्होंने किसानों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने और कृषि विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार फसल प्रबंधन करने की सलाह दी है। किसानों को उम्मीद है कि यह मौसम बदलाव धान की फसल के लिए फायदेमंद साबित होगा।
Source link
अयोध्या में बारिश से किसानों को राहत:सूख रहे धान के खेतों में लौटी नमी, तापमान में भी गिरावट