![]()
अम्बेडकरनगर में 1 करोड़ 37 लाख 32 हजार 775 रुपये के इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) लाभ के फर्जीवाड़े में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन पर फर्जी फर्म बनाकर यह लाभ लेने का आरोप है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी जालंधर के निवासी हैं। यह मामला तब सामने आया जब प्रयागराज की एक फर्म ‘एके इंटरप्राइजेज’ का मुख्य व्यापार स्थल पिछले वर्ष अम्बेडकरनगर में दिखाया गया। जीएसटी पोर्टल पर जांच के दौरान पता चला कि प्रयागराज के भारती भवन रोड स्थित इस फर्म के मालिक अजय कुमार ने बिना किसी वास्तविक खरीद के पंजीकरण प्राप्त किया था। पंजीकरण के लिए प्रस्तुत किया गया बिजली का बिल भी फर्जी पाया गया, जिसके बाद विभाग ने फर्म का पंजीकरण रद्द कर दिया। जांच में यह भी सामने आया कि ‘एके इंटरप्राइजेज’ के अलावा ‘सिंह इंटरप्राइजेज’ और ‘शमा इंटरप्राइजेज’ ने ‘आरएम ट्रेडिंग कंपनी’ के प्रोपराइटर रोहित बठाला और ‘श्रीराधे कृष्ण एंड कंपनी’ के प्रोपराइटर ईशान से मिलीभगत की थी। इन फर्मों ने 240 फर्जी इनवॉइस के जरिए कुल 1 करोड़ 37 लाख 32 हजार 775 रुपये का ITC लाभ उठाया। इस फर्जीवाड़े से राजस्व को भारी क्षति हुई। राजस्व को क्षति पहुंचाने की मंशा से किए गए इस फर्जीवाड़े पर राज्य कर अधिकारी विनोद कुमार ने अकबरपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। विवेचना के दौरान निरीक्षक कृष्णबली सिंह ने जालंधर के सूर्या एन्क्लेव, जैमलनगर निवासी ईशान और सूर्या एन्क्लेव, एनई-28 किला मुहल्ला निवासी रोहित बठाला को पूछताछ के लिए बुलाया। पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। कोतवाल श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
Source link
अम्बेडकर नगर में 1.37 करोड़ GST फ्रॉड:फर्जी फर्मों से ITC लाभ लेने वाले दो जालंधर से गिरफ्तार