![]()
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने अम्बेडकरनगर जिले के नौ स्ववित्तपोषित माध्यमिक विद्यालयों की मान्यता रद्द कर दी है। यह कार्रवाई लगातार दो शैक्षिक सत्रों तक परिषदीय परीक्षाओं में छात्रों के शामिल न होने के कारण की गई है। परिषद के नियमानुसार, जिन विद्यालयों को हाईस्कूल या इंटरमीडिएट नवीन वर्ग की मान्यता प्राप्त है और वहां लगातार दो शैक्षिक सत्रों तक कोई छात्र परीक्षा में सम्मिलित नहीं होता अथवा कक्षाओं का संचालन नहीं किया जाता, उनकी मान्यता स्वतः समाप्त मानी जाएगी। हालांकि, यह प्रावधान इंटर वनटाइम, अतिरिक्त वर्ग अथवा वैकल्पिक विषयों की मान्यता पर लागू नहीं होता है। इसी क्रम में, शैक्षिक सत्र 2024-25 एवं 2025-26 के दौरान छात्र नामांकन और परीक्षा सहभागिता न होने के कारण जनपद के नौ विद्यालयों की मान्यता समाप्त की गई है। इन विद्यालयों में भीम ज्योति बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय इस्माइलपुर, राम दुलार इंटर कॉलेज अम्बरपुर, एसआर हाईस्कूल महमूदपुर, आईबी उच्च माध्यमिक विद्यालय राजेसुल्तानपुर, जेके मौर्य कन्या इंटर कॉलेज टांडा, श्रीराम बालिका इंटर कॉलेज बसखारी, एचएस हाईस्कूल शंकरा यूसुफपुर, पीएस बालिका इंटर कॉलेज दुहिया तथा अनारुल्लाह हबीबुल निशा इंटर कॉलेज अशरफपुर शामिल हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कौस्तुभ सिंह ने बताया कि लगातार दो वर्षों तक परिषदीय परीक्षा में छात्र-छात्राओं के सम्मिलित न होने पर बोर्ड ने मान्यता समाप्त करने की कार्रवाई की है, जिसका अनुपालन कराया जाएगा। परिषद ने नियमों के अनुपालन और शिक्षा व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया है।
Source link
अम्बेडकरनगर के 9 स्कूलों की मान्यता रद्द:लगातार दो सत्रों तक छात्र परीक्षा में शामिल नहीं होने पर कार्रवाई