![]()
अमेठी में आगामी बकरीद त्योहार को शांतिपूर्ण और आपसी भाईचारे के साथ मनाने के लिए जिलाधिकारी संजय चौहान की अध्यक्षता में एक जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। यह बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में हुई, जिसमें पुलिस अधीक्षक सरवणन टी, एडीएम ज्योति सिंह सहित सभी एसडीएम, सीओ, थानाध्यक्ष और विभिन्न समुदायों के धर्मगुरु उपस्थित रहे। जिलाधिकारी संजय चौहान ने निर्देश दिए कि त्योहार को केवल परंपरागत तरीके से ही मनाया जाए और किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुर्बानी केवल उन्हीं स्थानों पर दी जाए जहां पिछले वर्षों में दी जाती रही है। प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी कीमत पर न दी जाए और खुले में कुर्बानी पर पूरी तरह से रोक रहेगी। कुर्बानी के अवशेषों को खुले में न फेंकने के भी निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने सोशल मीडिया पर भ्रामक फोटो या वीडियो डालने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि कुर्बानी का वीडियो बनाकर अपलोड न किया जाए। एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। डीएम ने विद्युत विभाग को नमाज के मार्गों पर जर्जर तारों को ठीक करने और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीपीआरओ और ईओ को मस्जिद व ईदगाह के आसपास सफाई, चूना छिड़काव और जलापूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) पर डॉक्टर, एंबुलेंस और ओआरएस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में, दोनों अधिकारियों ने सभी को बकरीद की शुभकामनाएं दीं और आपसी सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों पर जिला प्रशासन और पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।
Source link
अमेठी में बकरीद पर डीएम-एसपी की बैठक:परंपरा से हटकर कुर्बानी पर रोक, भ्रामक पोस्ट पर कार्रवाई के निर्देश