अपर आवास आयुक्त के औचक निरीक्षण में कई कर्मचारी मिले:वृंदावन योजना कार्यालय का किया निरीक्षण, कार्मिकों से मांगा गया स्पष्टीकरण


उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद के अपर आवास आयुक्त एवं सचिव नीरज शुक्ला ने मंगलवार को वृंदावन योजना स्थित परिषद के कार्यालय परिसर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई कर्मचारी अपनी निर्धारित ड्यूटी के समय पर अनुपस्थित पाए गए। इस पर अपर आवास आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनुपस्थित कर्मचारियों से तत्काल स्पष्टीकरण प्राप्त किया जाए और उनके जवाब के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न अनुभागों और कार्यालय कक्षों का दौरा कर कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्यप्रणाली और कार्यालय व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि कार्यालयों में अनुशासन और समयबद्ध उपस्थिति को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक हित से जुड़े विभागों में कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति और जवाबदेही बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसका सीधा प्रभाव आम लोगों को मिलने वाली सेवाओं पर पड़ता है। औचक निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर में कुछ अनाधिकृत व्यक्ति भी मौजूद मिले। इस पर अपर आवास आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालय परिसर में केवल अधिकृत व्यक्तियों का ही प्रवेश सुनिश्चित किया जाए, ताकि सुरक्षा और कार्य व्यवस्था प्रभावित न हो। निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया। अपर आवास आयुक्त ने स्वच्छता को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि कार्यालय परिसर को साफ-सुथरा और व्यवस्थित रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने नियमित सफाई, रिकॉर्ड के सुव्यवस्थित रखरखाव और कार्यस्थल की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि परिषद की छवि और कार्यकुशलता बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करें। साथ ही कार्यालयों में जनोन्मुखी, पारदर्शी और उत्तरदायी कार्य संस्कृति विकसित करने के लिए लगातार प्रयास किए जाएं। निरीक्षण के दौरान उप आवास आयुक्त (लखनऊ जोन) सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अपर आवास आयुक्त को कार्यालय की व्यवस्थाओं और चल रहे कार्यों की जानकारी भी दी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *