![]()
प्रयागराज का बमरौली गांव रविवार शाम बमबाजी और फायरिंग से थर्रा उठा। विरोधियों के आमने-सामने आते एक युवक ने ताबड़तोड़ दो बम फोड़े और गोलियां चला दीं। घटना में एक थार गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कोई हताहत नहीं हुआ। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पुरानी रंजिश बनी वजह
घटना रविवार शाम करीब पांच बजे पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के बमरौली गांव में हुई। जानकारी के मुताबिक प्लॉटिंग का काम करने वाला एक युवक बाइक से कहीं जा रहा था। इसी दौरान थार गाड़ी से पहुंचे कुछ लोगों ने उसे रोक लिया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से रंजिश चली आ रही थी।
वाद-विवाद के बाद शुरू हुई मारपीट
आमने-सामने होने पर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान बाइक सवार युवक ने थार गाड़ी की ओर एक के बाद एक दो बम फेंके और फायरिंग भी कर दी। हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और थार सवार लोग मौके से भाग निकले। गाड़ी क्षतिग्रस्त, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
बमबाजी में थार गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही पुरामुफ्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। दूसरे पक्ष की ओर से करीब आधा दर्जन लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है। थाना प्रभारी अविनाश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
Source link
अतीक के गढ़ बमरौली में बमबाजी-फायरिंग:प्रयागराज में युवक ने काली थार से आए तीन लोगों पर दो बम चलाए, गोलियां भी दागीं