![]()
दिल्ली के एक युवक की तकनीकी सूझबूझ ने बाइक चोर के पसीने छुड़ा दिए। चोर को पकड़े जाने का ऐसा डर सताया कि वह बीच रास्ते में ही बाइक छोड़कर फरार हो गया। फिलहाल बाइक पुलिस के कब्जे में है। बाइक स्वामी ने सुपुर्दगी की प्रक्रिया शुरु कर दी है। पुलिस चोर की तलाश में सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। मामला दिल्ली के शकरपुर इलाके से जुड़ा है। यहां के रहने वाले शिवम यादव की बुलेट बाइक बुधवार रात घर के बाहर से चोरी हो गई। चोर उसे एनएच-58 के रास्ते कंकरखेड़ा क्षेत्र तक ले आया। तभी अचानक एक जगह पर आकर बाइक बंद हो गई। चोर ने काफी प्रयास उसे स्टार्ट करने का किया लेकिन वह नहीं हुई। पकड़े जाने के डर से चोर बाइक वहीं पर छोड़कर भाग निकला। बाइक अचानक रुकी तो दिमाग चकराया
दरअसल, बाइक चोरी होने के बाद शिवम उसकी निगरानी कर रहा था। शिवम की बाइक में जीपीएस लगा था, जिसकी जानकारी बाइक चोर को नहीं लग पाई। वह जहां जहां जाता, शिवम उसकी लोकेशन ढूंढ निकालता। बीच में चलते चलते कई बार बाइक बंद हुई तो चोर का दिमाग चकराया। एक जगह बाइक रूक गई और चोर उसे छोड़कर भाग गया। आधी रात को पुलिस को किया सूचित
शिवम दिल्ली से रात में नहीं आ सकता था। इसलिए उसने जब यह देख लिया कि बाइक काफी देर से एक ही जगह पर रुकी है तो उसने कंकरखेड़ा पुलिस को फोन पर संपर्क किया। उसने पुलिस को पूरी घटना बताई। इसके बाद पुलिस बाइक को ढूंढते हुए मौके पर पहुंची और शिवम को सूचित कर दिया। शिवम ने पुलिस को बताई पूरी कहानी
गुरुवार को शिवम अपनी बाइक को ढूंढते हुए कंकरखेड़ा थाने आ गया। बाइक थाने में खड़ी देख उसने राहत की सांस ली। इसके बाद वह पुलिस से मिला। शुभम ने पूछताछ के दौरान बताया कि उसकी बाइक में जीपीएस लगा है। यह अपने आप में नई तरह का जीपीएस है। इसकी मदद से बाइक को कहीं भी लॉक या अनलॉक किया जा सकता है। वह दिल्ली में बैठकर बार बार बाइक को लॉक कर देता था। शायद यही वजह थी कि चोर उसे छोड़कर भाग गया। सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही पुलिस
बाइक चोरी की घटना का पता चलने के बाद कंकरखेड़ा पुलिस अलर्ट हो गई है। पुलिस उस लोकेशन के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है, जहां चोर बाइक छोड़कर भागा था। एसएचओ कंकरखेड़ा जितेंद्र सिंह का कहना है कि जल्द चोर की लोकेशन ट्रेस कर ली जाएगी। बाइक स्वामी को रिलीजिंग की प्रक्रिया समझा दी गई है।
Source link
अचानक लॉक हुई बाइक तो चोर छोड़कर भाग निकला:दिल्ली के शकरपुर से चोरी बाइक कंकरखेड़ा से बरामद, बाइक मालिक ने दिखाई सूझबूझ