अंबेडकरनगर में पेट्रोल पंपों पर भीड़ थमी:प्रशासन की सख्ती के बाद हालात सामान्य, कालाबाजारी रोकने को कर्मी तैनात


अंबेडकरनगर में पिछले तीन दिनों से पेट्रोल-डीजल को लेकर बनी अफरा-तफरी अब खत्म हो गई है। प्रशासन की सख्ती और निगरानी के बाद शुक्रवार सुबह से पेट्रोल पंपों पर हालात सामान्य हो गए। अब पंपों पर सामान्य दिनों की तरह ही वाहन चालकों की आवाजाही देखी जा रही है। मंगलवार शाम से अचानक जिले के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ जमा हो गई थी। लोग डिब्बों और गैलनों में पेट्रोल-डीजल भरवाने लगे थे, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। स्थिति बिगड़ती देख जिला प्रशासन तुरंत सक्रिय हुआ। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने स्पष्ट किया कि जिले में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। हालांकि, डीएम के आश्वासन के बावजूद अगले दो दिनों तक पेट्रोल पंपों पर भीड़ बनी रही। इसके बाद प्रशासन ने कालाबाजारी रोकने के लिए सख्त कदम उठाए। पेट्रोल पंपों पर राजस्व कर्मियों और पुलिस बल की तैनाती की गई, जिससे स्थिति धीरे-धीरे नियंत्रित हुई। प्रशासन की सक्रियता और निगरानी के चलते शुक्रवार सुबह से हालात पूरी तरह सामान्य हो गए। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता के अनुसार ही ईंधन खरीदें।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *