अंतिम संस्कार में जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 8 लोग घायल:बदायूं के रफीनगर के पास हादसा, कछला गंगा घाट जा रहे थे; जिला अस्पताल रेफर


बदायूं में मुजरिया थाना क्षेत्र के रफीनगर के पास शुक्रवार दोपहर अंतिम संस्कार में जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब आठ लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस से बिल्सी सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, बिल्सी थाना क्षेत्र के बढ़नोमी गांव निवासी सुखपाल शर्मा के बड़े भाई राम किशोर शर्मा (75) का निधन हो गया था। परिवार और गांव के लोग उनके अंतिम संस्कार के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली से कछला गंगा घाट जा रहे थे। शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे जैसे ही ट्रैक्टर-ट्रॉली रफीनगर गांव के पास पहुंची, अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क पर पलट गया। घटना की 3 तस्वीरें… हादसे में 8 लोग घायल दुर्घटना में सत्यनारायण, नमो नारायण, शिव शंकर, भूरे, उदयवीर, तपनेश शर्मा, जय भगवान शर्मा और विजय शर्मा घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और एंबुलेंस को सूचना दी। सभी घायलों को बिल्सी सरकारी अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने शुरू की जांच घटना की सूचना मिलते ही बिल्सी और मुजरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *