आकाश मलिक | शामली4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

कैराना के मोहल्ला बेगमपुरा नवीन नगर स्थित एक निजी क्लीनिक में दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आई है। एक युवक मरीज बनकर क्लीनिक में दाखिल हुआ और मौका पाकर वॉशरूम से चार टोंटियां व पीतल का फव्वारा चोरी कर फरार होने का आरोप लगाए है। यह पूरी घटना क्लीनिक में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना बुधवार शाम करीब 4:45 बजे डॉ. जुल्फिकार अली के क्लीनिक में हुई। डॉ. जुल्फिकार उस समय मरीजों का उपचार कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक मरीज बनकर क्लीनिक में पहुंचा। युवक कुछ देर तक क्लीनिक के अंदर घूमता रहा और फिर मौका मिलते ही वॉशरूम में चला गया।
कुछ मिनट बाद वह सामान्य तरीके से बाहर निकला और बिना किसी को संदेह हुए क्लीनिक से चला गया। बाद में जब वॉशरूम का उपयोग किया गया तो वहां लगी चार टोंटियां और पीतल का फव्वारा गायब मिले। चोरी का पता चलते ही चिकित्सक ने क्लीनिक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी, जिसमें संदिग्ध युवक वॉशरूम से सामान चोरी कर ले जाता हुआ दिखाई दिया।

घटना के बाद डॉ. जुल्फिकार अली ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर सीसीटीवी फुटेज भी सौंप दी है। उन्होंने आरोपी की जल्द पहचान कर उसे गिरफ्तार करने और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दिनदहाड़े क्लीनिक में हुई इस चोरी की घटना से क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इस संबंध में थाना कैराना प्रभारी सतीश कुमार से बात की तो उनका कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है
