Varanasi UPTET Exam Begins | Heavy Security, 160379 Candidates

वाराणसी में गुरुवार को कड़ी सुरक्षा और पुख्ता इंतजाम के बीच उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) का आगाज हुआ। चार साल बाद होने जा रही परीक्षा में नकल रोकने के लिए ट्रिपल लेयर निगरानी और स्पेशल इंतजाम किए गए हैं।

.

रिटायर आईएएस और आईपीएस अधिकारियों को निगरानी में लगाया गया है। परीक्षा के लिए जिले में 68 केंद्र बनाए गए हैं। इसमें तीन दिनों में 160379 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। गुरुवार और शुक्रवार को दो पालियों में परीक्षा होगी वहीं शनिवार को महज एक पाली में परीक्षा कराई जाएगी।

परीक्षा के लिए प्रत्येक जिले में एक-एक पर्यवेक्षक की ड्यूटी लगाई गई है। चयन आयोग के कुछ सदस्य भी पर्यवेक्षक बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि तीन दिन होने वाली परीक्षा में 2 जुलाई को प्रत्येक पाली में 33139, तीन जुलाई को 33140 और चार जुलाई को 27821 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होने के लिए पंजीकृत हैं।

जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि नकलविहीन और शुचितापूर्ण परीक्षा कराने के लिए उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने अनुभवी प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को पर्यवेक्षक के रूप में लगाया है। परीक्षा के लिए 68 केंद्रों पर इन्हें तैनात किया गया है।

उन्होंने बताया कि इस परीक्षा में उत्तर पत्रक में भरी गई सूचनाओं को व्हाइटनर, ब्लेड या रबर आदि से मिटाना प्रतिबंधित है। यदि उत्तर पत्रक में गोलों को सही से काला नहीं किया जाता है या कोई भी सूचना गलत भरी जाती है, तो कॉपी का मूल्यांकन नहीं किया जाएगा।

परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों को अपने साथ अपनी कॉपी की प्रति और प्रश्न पत्र ले जा सकेंगे। परीक्षा के दौरान किसी भी अभ्यर्थी को अंतिम आधे घंटे में परीक्षा कक्ष से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

अभ्यर्थी काले बॉल प्वाइंट पेन के अतिरिक्त किसी अन्य प्रकार की स्याही का प्रयोग न करें। किसी तरह का मोबाइल फोन, टैबलेट, पेन ड्राइव, हार्ड डिस्क, डेटा कार्ड, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, किसी भी तरह की हाथ की घड़ी, एटीएम कार्ड, धातु से बनी कोई भी विद्युत सामग्री आदि लेकर परीक्षा केंद्र के भीतर जाने की अनुमति नहीं है।

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि परीक्षार्थियों की संख्या और क्षेत्रीय आवश्यकता को देखते हुए केंद्रों का निर्धारण किया गया है। वाराणसी में 68 केंद्रों पर जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, मिर्जापुर, भदोही, प्रयागराज, सोनभद्र, देवरिया, मऊ समेत अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों को भी परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं।

ऐसा है तीन दिवसीय परीक्षा का शेड्यूल

2 जुलाई: दोनों पालियों में उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6-8) की परीक्षा।

3 जुलाई: पहली पाली में उच्च प्राथमिक स्तर और दूसरी पाली में प्राथमिक स्तर (कक्षा 1-5) की परीक्षा।

4 जुलाई: केवल पहली पाली में प्राथमिक स्तर की परीक्षा।

प्रथम पाली: सुबह 09:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक

द्वितीय पाली: दोपहर 02:30 बजे से शाम 05:00 बजे तक

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *