7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

ब्रिटेन यूक्रेन को गुप्त मिसाइल तकनीक देने जा रहा है। इससे यूक्रेन में ही ब्रिटेन और फ्रांस की लंबी दूरी की SCALP मिसाइल बनाई जा सकेगी। यह मिसाइल रूस में सैकड़ों किलोमीटर अंदर तक मौजूद सैन्य ठिकानों को निशाना बना सकती है।
ब्रिटेन और फ्रांस की मदद से यूक्रेन में इस मिसाइल की प्रोडक्शन लाइन शुरू करने की योजना है। इसके लिए ब्रिटेन अपनी मिसाइल में इस्तेमाल होने वाली कुछ गोपनीय तकनीक यूक्रेन को देगा। लक्ष्य है कि इस साल के आखिर तक यूक्रेन में उत्पादन शुरू हो जाए।
550 किमी तक मार, बंकर भी निशाने पर
SCALP को ब्रिटेन में Storm Shadow कहा जाता है। इसकी अधिकतम मारक क्षमता करीब 550 किमी है। इसमें करीब 400 किलो का भारी विस्फोटक लगाया जा सकता है।
यह मिसाइल जमीन के काफी करीब उड़ते हुए लक्ष्य तक पहुंच सकती है, जिससे उसे एयर डिफेंस से बचने में मदद मिलती है। इसमें GPS, इलाके की पहचान और इंफ्रारेड तकनीक का इस्तेमाल होता है।
इसका इस्तेमाल कमांड सेंटर, बंकर और जमीन के अंदर बने मजबूत सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने में किया जा सकता है। यूक्रेन पहले से इन मिसाइलों का इस्तेमाल कर रहा है। नवंबर 2024 में उसने पहली बार रूस के अंदर इन मिसाइलों से हमला किया था।
ब्रिटेन बोला- लंबे समय तक यूक्रेन के साथ रहेंगे
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम ने कहा कि उनका देश यूक्रेन के साथ लंबे समय तक खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि यूक्रेन की सुरक्षा ब्रिटेन की सुरक्षा से जुड़ी है।
हालांकि, तकनीक मिलने के बाद भी यूक्रेन में बड़े पैमाने पर मिसाइल बनाना तुरंत शुरू नहीं होगा। उत्पादन बढ़ाने में कई साल लग सकते हैं।
यूक्रेन बना रहा अपनी लंबी दूरी की मिसाइल
यूक्रेन पहले से अपनी लंबी दूरी की मिसाइलों पर भी काम कर रहा है। यूक्रेनी कंपनी फायर प्वाइंट ने FP-5 फ्लेमिंगो क्रूज मिसाइल बनाई है। इसकी बताई गई मारक क्षमता करीब 3,000 किमी है।
वहीं, यूक्रेन के सामने रूसी मिसाइल और ड्रोन हमलों से बचने के लिए इंटरसेप्टर मिसाइलों की कमी भी बड़ी समस्या बनी हुई है। अमेरिकी Patriot सिस्टम के लिए जरूरी इंटरसेप्टर की कमी के कारण यूक्रेन को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
