देवीलाल गुप्ता | संतकबीर नगर3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

संतकबीरनगर एसपी संदीप कुमार मीना ने धनघटा थाने के दो हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में पैसे लेने के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए की गई है। निलंबन अवधि में दोनों पुलिसकर्मी पुलिस लाइन से संबद्ध रहेंगे और बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे।
एसपी संदीप कुमार मीना ने बताया कि वायरल वीडियो में धनघटा थाना क्षेत्र के कटहा उर्फ भिटहा गांव निवासी श्रीनाथ प्रजापति ने आरोप लगाया था। उनके अनुसार, एक युवती ने उनके खिलाफ प्रार्थना पत्र दिया था। इसी मामले में धनघटा थाने में तैनात हेड कांस्टेबल मोहन कुमार ने पहले उनसे 10 हजार रुपये लिए थे।
श्रीनाथ प्रजापति ने आगे आरोप लगाया कि एक महीने बाद दोबारा प्रार्थना पत्र आने पर सुलह-समझौते के नाम पर हेड कांस्टेबल मोहन कुमार और एक अन्य पुलिसकर्मी, जिसका नाम राजेश यादव बताया गया, ने उनसे 7 हजार रुपये और लिए।
आरोप है कि इस धनराशि में से 5 हजार रुपये थाने के पास एक दुकान पर मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन लिए गए थे, जबकि 2 हजार रुपये नकद दिए गए थे। इन आरोपों की गंभीरता को देखते हुए हेड कांस्टेबल मोहन कुमार और हेड कांस्टेबल राणा प्रताप यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
प्रकरण की अंतिम जांच सीओ मेंहदावल को सौंपी गई है। उन्हें एक सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
