Punjab chandigarh top ten news; Hospital Negligence Controversy

.

पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर बच्चों को जहर पिलाने से जुड़ी रही। मां ने 3 बच्चों के साथ जहर पी लिया। सभी को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। यहां बेटी की मौत हो गई।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. लाश को साइकिल पर ले गए, बारिश के बीच सड़क पर फेंका

चंडीगढ़ में युवक को लाश को साइकिल पर ले जाने का CCTV फुटेज सामने आया है। जिसमें दो युवक तेज बारिश के बीच साइकिल पर लिटाकर ले जाते दिख रहे हैं, सड़क पर पानी भरा है, उसके पैर जमीन से टकराते हुए जा रहे हैं।

कुछ दूरी पर जाकर दोनों उसे गिराकर वहां से फरार हो जाते हैं। जिससे उसकी लाश सड़क पर पड़ी रही। पुलिस ने नशे की ओवरडोज से युवक की मौत की बात ही है। लेकिन परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि अगर मौत नशे की ओवरडोज से हुई, तो पुलिस इसका कोई सबूत दे।

उन्होंने कहा कि शव तड़के करीब 4 बजे मिला था, लेकिन पुलिस ने हमें सुबह 10 बजे इसी सूचना दी। शरीर पर भी चोट के निशान मिले हैं। CCTV फुटेज पुलिस को सौंप दी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। परिजनों ने पुलिस पर आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया है। (पढ़ें पूरी खबर)

2. विवादित ‘भाभी चुम्मेवाली’ का नया VIDEO

लुधियाना में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रंजीत कौर उर्फ ‘भाभी चुम्मेवाली’ ने विवादों के बीच अपना नया प्रोफेशनल पंजाबी गाना रिलीज कर दिया है। वीडियो में वह लाल सलवार-सूट पहनकर काली महिंद्रा जीप के बोनट पर देसी अंदाज में नजर आती हैं।

उनके साथ पति जिंदा हंस और बेटी भी डांस करते दिखाई देते हैं। पूरे वीडियो में डांस से ज्यादा कॉमिक अंदाज, अजीबोगरीब डांस स्टेप्स देखने को मिलता है। एक सीन में रंजीत कौर के पति उन्हें गोद में उठाकर गोल-गोल घुमाते हैं और मजाकिया अंदाज में ठुमके लगाते नजर आते हैं।

इधर, निहंग मनप्रीत सिंह ने कहा कि एक अन्य वीडियो में भाभी चुम्मेवाली एक हाथ में राइफल व दूसरे हाथ में कुल्हाड़ी लेकर सरेआम कह रही है कि जिसने पर्चे करवाने हैं करवाए। मैं डरने वाली नहीं हूं। हालांकि यह वीडियो अब डिलीट कर दिया गया है। (पढ़ें पूरी खबर)

3. BJP की महिला नेता SIR पर बयान देकर फंसी

पंजाब BJP की स्टेट सेक्रेटरी और दीनानगर विधानसभा प्रभारी रेणु कश्यप का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें वह कहती सुनाई दे रही हैं कि SIR करवा लो, 20-25 हजार वोट कटवा लो और अपना MLA बना लो।

इस वीडियो के सामने आने के बाद रेणु ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि इस वीडियो को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा। उधर, SDM ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। ये वीडियो 2 को जुलाई को दीनानगर में हुए कार्यकर्ता सम्मेलन का बताया जा रहा है।

वीडियो कार्यकर्ता सम्मेलन में किसी भाजपा वर्कर ने ही रिकॉर्ड किया है। इसे कांग्रेसी वर्करों की ओर से वॉट्सएप पर शेयर किया गया। दीनानगर से कांग्रेस की विधायक अरुणा चौधरी ने मुख्य चुनाव अधिकारी अनिंदिता मित्रा को शिकायत दी है। (पढ़ें पूरी खबर)

4. मां ने 3 बच्चों समेत कीटनाशक पीया, बेटी की मौत

कपूरथला में महिला ने तीन बच्चों के साथ कीटनाशक दवा पी ली। उसका पति जब घर पहुंचा, तो तीनों बच्चे जमीन पर बेहोश पड़े हुए थे। जबकि, महिला उल्टियां कर रही थी और अर्ध-बेहोशी की हालत में थी।

पति ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाई और पत्नी व तीनों बच्चों को लेकर सिविल अस्पताल कपूरथला पहुंचा, जहां इमरजेंसी वार्ड डॉक्टरों ने इलाज के दौरान 6 साल की बेटी को मृत घोषित कर दिया। जबकि, एक बेटी और बेटा व पत्नी की हालत गंभीर होने के कारण अमृतसर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, यहां पर इनकी भी हालत नाजुक बताई जा रही है। फिलहाल इनका इलाज चल रहा है।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस घटना के पीछे की असली वजह ढूंढ रही है। (पढ़ें पूरी खबर)

5. बेअदबी आरोपी की गला काटकर हत्या, जेल से छूटा था

फतेहगढ़ साहिब जिले में बेअदबी के आरोपी की तेजधार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई। नकाबपोश हमलावर आधी रात को घर में घुसे। जिसके बाद तेजधार हथियार से उस पर हमला कर दिया। इस दौरान व्यक्ति के चिल्लाने की आवाज सुनकर उसकी बेटी और पत्नी की आंख खुल गई। वह 7 महीने पहले ही जमानत पर जेल से छूटा था।

बेटी ने कहा कि डैडी ‘मैनूं बचा लो, मैनूं मारता-मैनूं मारता’ चिल्ला रहे थे। जब हम डंडा लेकर बचाने गए तो हमलावरों ने हम पर अटैक कर दिया। हमने कमरे के दरवाजे को कुंडी लगाकर जान बचाई। फिर पड़ोसियों को फोन कर बुलाया। उनके आने का पता चलते ही हमलावर दीवार फांदकर भाग निकले।

कत्ल की वजह से घर के अंदर चारों तरफ खून ही खून फैला हुआ था। इसके बाद पुलिस बुलाई गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस हत्या की वजह के बारे में पता चल रही है। मरने वाले का नाम मेवा सिंह है। वह मंडी गोबिंदगढ़ के गांव लाडपुर तूरां स्थित गुरुद्वारा साहिब में 6 साल पुराने बेअदबी केस का आरोपी था। वह जमानत पर जेल से छूटकर आया था। (पढ़ें पूरी खबर)

6. कांग्रेस प्रधान पद से इस्तीफा दे सकते हैं राजा वड़िंग

पंजाब में अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग कांग्रेस के प्रधान पद से इस्तीफा दे सकते हैं। दिल्ली में राहुल गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बीच हुई मीटिंग के बीच से ये खबर सामने आ रही है। दरअसल, पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल की रिपोर्ट में ये साफ नजर आया है कि पूर्व CM व सांसद चरणजीत चन्नी और सांसद सुखजिंदर रंधावा किसी भी कीमत में राजा वड़िंग की अगुआई में चुनाव लड़ने को तैयार नहीं हैं। रंधावा तो उन्हें इशारों में कंप्रोमाइज्ड लीडर तक बता चुके हैं।

कांग्रेस हाईकमान के पास ये भी रिपोर्ट पहुंची कि एक तरफ 23 जिलों के प्रधान राजा वड़िंग के हक में हैं तो दूसरी तरफ 117 में से 90 से ज्यादा चुनाव हारे या जीते नेता चन्नी के पक्ष में हैं। प्रभारी बघेल पहले ही कह चुके हैं कि हाईकमान का फैसला नहीं बदलेगा। राजा वड़िंग प्रधान बने रहेंगे लेकिन कांग्रेस ये भी जानती है कि चन्नी ग्रुप को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

माना जा रहा है कि हाईकमान के इशारे पर राजा वड़िंग खुद पद छोड़ सकते हैं। हालांकि इतना तय है कि कांग्रेस हाईकमान चरणजीत चन्नी या सुखजिंदर रंधावा में से किसी को प्रधान पद की कुर्सी नहीं सौंपेगा। (पढे़ं पूरी खबर)

7. बिना महकमे के AAP मंत्री जेल में मांगे VIP फेसिलिटी

गुरुग्राम की भोंडसी जेल में बंद पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा को अब जेल की रोटी और हवा रास नहीं आ रही है। VIP ट्रीटमेंट की आदत और जेल के कड़े नियमों के बीच फंसे मंत्री ने अब राहत के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया है।

मंत्री संजीव अरोड़ा की तरफ से गुरुग्राम की स्पेशल कोर्ट में एक-दो नहीं, बल्कि तीन अलग-अलग पिटीशन दायर की गई हैं। इन याचिकाओं में उन्होंने जेल प्रशासन से खास सुविधाएं देने की मांग की है। संजीव अरोड़ा ने अदालत से घर से पका हुआ खाना, ठंडे पानी के लिए वाटर कूलर और इंसुलिन रखने के लिए फ्रीजर की डिमांड की है।

कोर्ट ने इन मांगों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) और जेल प्रशासन से जवाब मांगा है। वहीं आअ के स्पेशल सरकारी वकील ने अपना रिप्लाई फाइल करने के लिए कोर्ट से थोड़ा समय मांगा है। जब तक ED के वकील ने कोर्ट में जवाब फाइल नहीं किया तब तक मंत्री को जेल खाना और सामान्य पानी ही पीना पड़ेगा। (पढ़ें पूरी खबर)

8. शादी के 5 महीने बाद युवक ने सुसाइड किया

लुधियाना में शादी के पांच महीने बाद एक युवक ने नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि बहू, ससुराल वालों और एक रिश्तेदार द्वारा लगातार हस्तक्षेप व मानसिक प्रताड़ना के कारण बेटे ने यह कदम उठाया।

मरने से पहले युवक ने वीडियो बनाया। जिसमें वह रोता दिख रहा है। युवक ने परिवार को फोन कर बताया कि वह ससुराल पक्ष के लोगों से परेशान होकर नहर में छलांग लगाने आया है। मृतक का नाम करनदीप है और वह लैब टेस्टिंग का काम करता था। उसका एक छोटा भाई भी है।

करनदीप (29) के पिता ने बताया कि बेटे की शादी 20 फरवरी 2026 को स्वाति के साथ हुई थी। शादी के बाद स्वाति घर के कामकाज में सहयोग नहीं करती थी। इस बात को लेकर करनदीप ने उसे कई बार समझाया। कुछ समय बाद स्वाति के पिता ने हस्तक्षेप करना शुरू कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पत्नी समेत 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। (पढ़ें पूरी खबर)

9. छत गिरने से मां-बेटे की मौत, तेज बारिश पर ब्रेक

पंजाब में मानसून सीजन के दौरान बठिंडा में देर रात छत गिर गई। जिससे नीचे कमरे में सो रहा परिवार मलबे में दब गया। इससे मां-बेटे की मौत हो गई जबकि 2 बेटियों हालत नाजुक बनी हुई है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक यह हादसा सोमवार देर रात तलवंडी साबो में रात 11 बजे हुआ। छत तेज धमाके के साथ गिरी। जिससे आसपास के लोग दौड़े-दौड़े वहां पहुंचे। जिसके बाद मलबे में दबे परिवार को बाहर निकाला गया।

अस्पताल ले जाने पर वीरपाल कौर (40) और अर्शदीप सिंह(14) की मौत हो गई। वहीं 2 बेटियां समनप्रीत कौर व खुशप्रीत कौर को गंभीर हालत में बाहर निकाला गया। सनमप्रीत की टांग टूट गई है, जबकि खुशप्रीत का हाथ फ्रैक्चर हो गया है। सनमप्रीत पढ़ाई में तेज छात्रा है। वह लगातार 9 वर्षों तक अपनी कक्षा में प्रथम स्थान हासिल करती रही है। हाल ही में उसने 12वीं कक्षा 95 प्रतिशत अंकों के साथ पास की थी।

वीरपाल के पति धर्म सिंह उर्फ काला तलवंडी साबो स्थित एक निजी सीवरेज प्लांट में कार्यरत हैं। मरने वाला अर्शदीप उनका इकलौता बेटा था। पुलिस का मानना है कि मकान की हालत जर्जर थी, पिछले दिनों हुई बरसात से ये कमजोर हो गया और छत गिर गई। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर जरा हटके…

10. मरीज की मौत के बाद डेडबॉडी अस्पताल से बाहर फेंकी

फरीदकोट में मरीज की मौत के बाद गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ने शव को मॉर्च्युरी भेजने की बजाय बाहर फिंकवा दिया। पुलिस करीब एक सप्ताह पहले घायल अवस्था में मिले व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल लेकर आई थी। उसका उपचार अस्पताल के सर्जरी विभाग में चल रहा था।

सोमवार रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। आरोप है कि सर्जरी विभाग में तैनात एक हाउस सर्जन के निर्देश पर अस्पताल कर्मचारियों ने शव को अस्पताल परिसर के पास स्थित रामबाग के निकट छोड़ दिया।

जब राहगीरों ने शव देखा तो उन्होंने समाजसेवी संस्था सहारा सोसायटी को सूचना दी। इसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन भी सक्रिय हुआ और शव को आनन फानन में मॉर्च्युरी में रखवाया। हाउस सर्जन को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर विभागीय जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Newsmatic - News WordPress Theme 2026. Powered By BlazeThemes.