प्रयागराज5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

प्रयागराज में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले नव जीवन तैराकी क्लब के तैराकों ने यमुना नदी में अनोखे अंदाज में जल योग का प्रदर्शन किया। बरगद घाट पर हुए इस अभ्यास में तैराकों ने अंडरवाटर योग, बैक फ्लोटिंग, फ्रंट फ्लोटिंग और सूर्यासन जैसे कठिन आसन किए।
यह विशेष अभ्यास अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के तहत आयोजित किया गया था। नदी के बीच किए गए इस प्रदर्शन को देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिन्होंने तैराकों के इस प्रयास की सराहना की।

नव जीवन तैराकी क्लब में सदस्य नियमित रूप से तैराकी का अभ्यास करते हैं। क्लब हर साल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विशेष जल योग कार्यक्रम का आयोजन करता है, जिसमें तैराकों के साथ अन्य सदस्य भी भाग लेते हैं। इस बार भी बड़ी संख्या में तैराकों ने पानी में योग कर यह संदेश दिया कि योग और तैराकी दोनों मिलकर शरीर को स्वस्थ और फिट रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

यह विशेष प्रशिक्षण अंतरराष्ट्रीय तैराक त्रिभुवन निषाद के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। उन्होंने बताया कि पानी में योग करने से शारीरिक संतुलन बेहतर होता है, स्टैमिना बढ़ता है और कई बीमारियों से बचाव में भी मदद मिलती है। निषाद ने लोगों को योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की सलाह दी।
इस अवसर पर तैराकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि प्रधानमंत्री के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और यह आज दुनिया भर में स्वास्थ्य और फिटनेस का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है।
