PM की काशी में गूंजेगी मोदी की ‘सक्सेस-स्टोरी’:17 सितंबर को घर-घर जलाएंगे ‘आशीर्वाद का दीया’, काशी-बडनगर से 250 बाइक यात्रा


काशी के सांसद और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। पीएम का संसदीय क्षेत्र उनके जन्मदिन को अनूठे तरीके से मनाएगा। पीएम के जन्मदिवस पर काशी उनकी सेवायात्रा यानि सक्सेज स्टोरी दुनिया को सुनाएगी। नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के कार्यों को गिनाया जाएगा। काशी क्षेत्र के जिलों में जगह-जगह आयोजन होंगे। जिसमें पंचायत से पार्लियामेंट तक ‘विकसित भारत 2047’ का संकल्प के तहत पार्टी कुल 13 कार्यक्रम करेगी। भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, विकास और विकसित भारत का संकल्प थीम पर आयोजित कार्यक्रमों से हर घर दस्तक दी जाएगी। वडनगर गुजरात से काशी के बीच ढाई सौ बाइक सवार दस अलग-अलग मार्गों से पवित्र जल का आदान प्रदान करेंगे। वाराणसी के क्षेत्रीय कार्यालय पर बुधवार शाम पीएम के जन्मदिवस के अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई। कार्यक्रमों में जनभागीदारी का व्यापक माध्यम बनाने और सरकार की उपलब्धियों को लाभार्थियों के जीवन में आए वास्तविक बदलाव की कहानियों के रूप में प्रस्तुत करने पर जोर दिया गया है। भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने अभियान की रूपरेखा साझा करते हुए सफलता का आधार पर चर्चा की। बताया कि केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलाव को ‘सक्सेस स्टोरी’ के रूप में समाज के सामने लाया जाए। हर शक्ति केंद्र, हर बूथ और हर क्षेत्र में ऐसी दर्जनों कहानियां मौजूद हैं। योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बने परिवार, रोजगार प्राप्त करने वाले युवा तथा बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं से लाभान्वित नागरिक बदलते भारत और बदलते उत्तर प्रदेश की सबसे प्रभावी तस्वीर प्रस्तुत करते हैं। गुजरात से काशी तक की यात्रा सुनाएंगे कार्यकर्ता उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, समर्पण, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण के प्रेरक हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री के रूप में भारत को विश्व की प्रमुख शक्तियों में स्थापित करने तक का उनका नेतृत्व प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत है। हमें जनता को बताना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब, किसान, महिला, युवा, श्रमिक और वंचित वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य हुआ है। देश का आम नागरिक स्वयं को विकास की प्रक्रिया का सहभागी महसूस कर रहा है। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को धरातल पर उतारकर करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का काम किया गया है। संगठन ने इसकी तैयारियां भी पूरी कर ली हैं और जल्द हर अभियान के प्रभारी घोषित किए जाएंगे। लाभार्थियों से लेकर कॉलेज, विद्यार्थियों तक पहुंचेगा अभियान अशोक चौरसिया ने बताया कि 17 सितंबर से अभियान की शुरुआत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत पार्टी कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंचेंगे और लाभार्थी परिवारों के घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा। ‘सपनों का भारत’ कार्यक्रम में विद्यालयों में विकसित भारत के संकल्प को लेकर भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत दो अक्टूबर को प्रमुख स्थानों पर नुक्कड़ नाटक होगा। आंगन का उत्सव कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताएं महिलाओं के पोषण की जानकारी देंगी। अभियान का दूसरा प्रमुख कार्यक्रम ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिता होगा। कॉलेजों, निजी कॉलेजों और सरकारी कॉलेजों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिछले 25 वर्षों के सेवा कार्यों, उपलब्धियों और विकसित भारत की संकल्पना पर चित्रकला तथा भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। सक्सेस स्टोरी’ की रील से बताएंगे योजनाओं का असर अभियान के तहत ‘सक्सेस स्टोरी’ सबसे अहम होगी। इसके लिए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स कहानियों की रील तैयार कर सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से प्रचारित करेंगे। ‘सेवा ज्योति यात्रा’ जिला स्तर के साथ-साथ गांवों में भी आयोजित की जाएगी। अभियान में काशी और गुजरात के बडनगर को जोड़ने वाली विशेष बाइक यात्रा भी होगी। दोनों स्थानों से ढाई-ढाई सौ बाइक के साथ यात्रा निकाली जाएगी। गुजरात से जल लेकर काशी पहुंचकर बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा, जबकि काशी से गंगाजल लेकर बडनगर स्थित शिव मंदिर में जलाभिषेक किया जाएगा। विधानसभा स्तर पर चुने जाएंगे 25 सेवा कार्य क्षेत्र अध्यक्ष ने बताया कि अभियान के तहत ‘25 वर्षों के 25 सेवा कार्य’ के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता 25 सेवा कार्यों में से किसी एक सेवा कार्य का चयन करेगा। ‘सेवा सेतु’ के तहत शिविर लगाए जाएंगे। ‘इनोवेशन चैलेंज’ और ‘पंचायत प्रतिनिधि सम्मेलन’ जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इनके माध्यम से सेवा, जनसंपर्क और जनसंवाद को गांव और पंचायत स्तर तक ले जाने की योजना है। बैठक में क्षेत्रीय मंत्री राकेश शर्मा, डॉ. सुदामा पटेल, राजेश राजभर, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, सह प्रभारी संतोष सोलापुरकर, उत्तम ओझा, सुरेश सिंह, विपिन पाठक, अनिल श्रीवास्तव, सुरेन्द्र पटेल और श्रीप्रकाश शुक्ला सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *