![]()
अवैध निर्माणों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए फाफामऊ क्षेत्र में कई अवैध निर्माणों को सील कर दिया। जोन-6 के अंतर्गत जोनल अधिकारी के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान कुल 10 स्थानों पर सीलबंदी की कार्रवाई की गई। पीडीए की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह कार्रवाई जोन-6 के उपजोन 6ए क्षेत्र में की गई, जहां बिना स्वीकृत मानचित्र या नियमों के विपरीत बनाए गए निर्माणों पर सख्ती दिखाई गई। अभियान के दौरान गोहरी रोड खुशहाल का पूरा, मलाक हरहर, सोरांव रोड, शिवपुर, टिकरी हथिगहा, गंगा विहार कॉलोनी और शांति पुरम सेक्टर-ए सहित कई इलाकों में अवैध निर्माणों को चिन्हित कर सील किया गया। कार्रवाई के दौरान होरी लाल पाण्डेय, कौशल प्रसाद ओझा, अंकित पटेल, दुर्गेश सिंह, रॉबिन शुक्ला, अन्तेष सिंह, राम आधार, राजेश कुमार, हर्षित पाण्डेय और पुष्पा यादव समेत कई लोगों के निर्माणों को सीलबंद किया गया। पीडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत सीलबंदी की कार्रवाई पूरी की। प्राधिकरण का कहना है कि शहर में अनियोजित और अवैध निर्माणों पर लगातार नजर रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पीडीए अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य शुरू करने से पहले प्राधिकरण से स्वीकृति और मानचित्र पास कराना सुनिश्चित करें। इस कार्रवाई के दौरान जोनल अधिकारी के अलावा अवर अभियंता, सुपरवाइजर और पीडीए प्रवर्तन टीम के सदस्य भी मौके पर मौजूद रहे।
Source link
PDA ने प्रयागराज फाफामऊ में 10 अवैध निर्माण सील किए:गोहरी रोड से शांति पुरम तक हुई कार्रवाई, नियमों का उल्लंघन पर एक्शन