Meerut Gas Cylinder Shortage | Black Market Allegations Server Down


रिजवान खान | मेरठ3 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

मेरठ में रसोई गैस की किल्लत ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। प्रशासन भले ही गैस की पर्याप्त उपलब्धता का दावा कर रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके विपरीत है। शहर में गैस सिलेंडर के लिए लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।

लिसाड़ी गेट क्षेत्र स्थित हापुड़ रोड पर रमन गैस एजेंसी के बाहर बुधवार सुबह 5 बजे से ही सैकड़ों लोग सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़े दिखाई दिए। इनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं, जो घंटों इंतजार के बाद भी गैस मिलने की उम्मीद में कतार में लगी रहीं।

लाइन में लगे लोगों का कहना है कि उन्होंने गैस की बुकिंग एक महीने से अधिक समय पहले कराई थी, लेकिन अभी तक सिलेंडर नहीं मिल पाया है। लोगों को अपना काम छोड़कर रोजाना गैस एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, फिर भी उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ता है।

लिसाड़ी गेट निवासी मोहम्मद सलीम ने बताया कि वह पावरलूम का काम करते हैं और पिछले एक महीने से उन्हें गैस नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि रमजान का महीना चल रहा है, ऐसे में घर में खाना बनाना मुश्किल हो गया है। रोजे की हालत में सुबह-सुबह लाइन में लगना पड़ रहा है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही।

वहीं, मोहम्मद साजिद ने आरोप लगाया कि बुकिंग कराने के बाद भी एजेंसी सिलेंडर नहीं दे रही है, जबकि ब्लैक मार्केट में सिलेंडर खुलेआम बिक रहे हैं। उन्होंने बताया कि कुछ लोग 1700 से 2000 रुपये तक में गैस सिलेंडर बेच रहे हैं, जिससे आम लोग मजबूरी में महंगे दाम पर गैस खरीदने को विवश हैं।

लिसाड़ी गेट के ही नईम ने बताया कि उन्होंने करीब 25 दिन पहले गैस की बुकिंग कराई थी। आज सुबह 5 बजे से लाइन में लगे हुए हैं, लेकिन उन्हें अब भी भरोसा नहीं है कि गैस मिलेगी या नहीं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एजेंसी के कर्मचारी बुकिंग के दौरान और गैस मांगने पर ग्राहकों के साथ अभद्रता करते हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *