- Hindi News
- National
- Jammu Srinagar Vande Bharat Train To Be Equipped With All weather Technology
पठानकोट9 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

वंदे भारत ट्रेन में पहली बार ऐसी विंटराइजेशन (शीतकालीन) तकनीक का उपयोग किया गया है जो इसे माइनस डिग्री तापमान में भी सुचारू रूप से चलाने में सक्षम बनाएगी।
रेलवे ने जम्मू-कश्मीर के बर्फीले और ठंडे मौसम के लिए विशेष रूप से डिजाइन की गई वंदे भारत ट्रेन लॉन्च की है, जो 30 अप्रैल से जम्मू से श्रीनगर तक चलेगी। यह महज 6 घंटे में यह सुहाना सफर पूरा करेगी।
विशेष वंदे भारत ट्रेन में सिग्नेचर सेमी-हाई-स्पीड बरकरार रहेगी। इसमें पहली बार ऐसी विंटराइजेशन (शीतकालीन) तकनीक का उपयोग किया गया है जो इसे माइनस डिग्री तापमान में भी सुचारू रूप से चलाने में सक्षम बनाएगी। ट्रेन का जम्मू से श्रीनगर के लिए ट्रायल किया जो 6 घंटे में श्रीनगर पहुंची।
नई वंदे भारत ट्रेन कई विशेषताओं से पूर्ण है-
ट्रेन में अत्याधुनिक हीटिंग सिस्टम
जम्मू-कश्मीर के बर्फीले मौसम को देखते हुए ट्रेन में कई अत्याधुनिक हीटिंग सिस्टम लगाए गए हैं। पहली बार पानी की पाइपलाइनों को जमने से बचाने के लिए सेल्फ-रेगुलेटिंग हीटिंग केबल का उपयोग किया गया है। ये केबल बाहरी तापमान के अनुसार अपनी गर्मी को घटा या बढ़ा सकती है।
पानी के टैंकों में 1800 वोल्ट के सिलिकॉन हीटिंग पैड लगाए गए हैं। साथ ही, बायो-टैंकों और सहायक टैंकों में भी विशेष हीटिंग व्यवस्था की गई है ताकि स्वच्छता प्रणाली प्रभावित न हो।
यात्रियों की सुविधा के लिए मुख्य एयर कंडीशनिंग यूनिट से विशेष डक्ट्स के जरिए शौचालयों तक गर्म हवा पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। भारतीय शैली के शौचालयों में हीटर और थर्मल इंसुलेशन लगाया गया है ताकि वैक्यूम निकासी प्रणाली काम करती रहे।
सीसीटीवी कैमरों से लैस है एसी 20 कोच वाली ट्रेन
इस ट्रेन की गति 160 किमी प्रति घंटे की होगी। पूरी तरह से एयरकंडीशन 20 कोच वाली ट्रेन स्वचालित प्लग दरवाजे और एलईडी लाइटिंग से लैस होगी। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे और ऊर्जा बचाने वाली पुनर्योजी ब्रेकिंग प्रणाली लगी है।
जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल का कहना है कि जम्मू-कश्मीर क्षेत्र में इस विशेष वंदे भारत का संचालन पर्यटकों और स्थानीय निवासियों की मांग को ध्यान में रखकर की गई है। रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा प्रदान करना है।
