Etawah Police Line Head Constable Ramkesh Yadav Death

उवैस चौधरी | इटावा2 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

इटावा में रविवार सुबह करीब सुबह 8 बजे इटावा पुलिस लाइन में ड्यूटी के दौरान तैनात 55 वर्षीय हेड कांस्टेबल रामकेश यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस लाइन के गैस गोदाम पर ड्यूटी करते समय उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई।

साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल डॉ. भीमराव आंबेडकर संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

ड्यूटी पुलिस लाइन स्थित गैस गोदाम में लगी थी

मृतक रामकेश यादव पुत्र काशीराम यादव मूल रूप से ग्राम बिरिया, पोस्ट डेरापुर, थाना डेरापुर, जनपद कानपुर देहात के निवासी थे। वह 1990 बैच के पुलिसकर्मी थे और वर्तमान में इटावा पुलिस लाइन में तैनात थे। रविवार सुबह उनकी ड्यूटी पुलिस लाइन स्थित गैस गोदाम में लगी थी। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सक उन्हें बचा नहीं सके।

अस्पताल प्रशासन ने नियमानुसार घटना की सूचना थाना सिविल लाइन पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

पुलिसकर्मियों के बीच शोक का माहौल

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग के अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस लाइन में तैनात साथी पुलिसकर्मियों ने भी हेड कांस्टेबल के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। रामकेश यादव अपने शांत स्वभाव और कर्तव्यनिष्ठ कार्यशैली के लिए विभाग में जाने जाते थे। उनकी आकस्मिक मौत से पुलिसकर्मियों के बीच शोक का माहौल है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। यदि रिपोर्ट में किसी अन्य कारण का खुलासा होता है तो उसी के अनुरूप जांच आगे बढ़ाई जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *