सचिन कुमार पांडे | खुर्जा, बुलंदशहर2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
बुलंदशहर के खुर्जा नगर क्षेत्र में सोमवार देर रात एक सड़क हादसे में एक वृद्ध की मौत हो गई। पहासू रोड स्थित झमका गांव में सड़क पार कर रहे बुजुर्ग को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल वृद्ध को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पहले देखिए 3 तस्वीरें…



सड़क पार करते समय हादसा
मृतक की पहचान कासगंज जिले के बिजौरा दरियागंज निवासी 65 वर्षीय धीरेन्द्र चौहान पुत्र अतर सिंह के रूप में हुई है। धीरेन्द्र चौहान करीब डेढ़ माह पहले झमका गांव में अपनी बहन सुनीता के घर आए थे।
सोमवार देर रात धीरेन्द्र चौहान किसी काम से पहासू रोड पर पैदल सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान पहासू की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि धीरेन्द्र चौहान सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने घायल वृद्ध को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी एमडी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों ने उन्हें देखते ही मृत घोषित कर दिया।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद आरोपी बाइक चालक अपनी बाइक लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
जांच-पड़ताल कर रही पुलिस
कोतवाली खुर्जा नगर प्रभारी रामफल सिंह ने बताया, “सड़क दुर्घटना में एक वृद्ध की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की है। आरोपी बाइक चालक की तलाश की जा रही है, जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।”
