![]()
संभल में आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। मृतक युवक पांच बहनों का इकलौता भाई था। यह घटना चंदौसी तहसील के बनियाठेर थाना क्षेत्र में बाईपास स्थित धर्मकांटे के पास हुई। मृतक की पहचान बंटी सिंह पुत्र अतर सिंह के रूप में हुई है। वह सीमेंट की दुकान पर ट्रैक्टर चलाकर घर-घर सीमेंट और बजरी पहुंचाने का काम करता था। जानकारी के अनुसार, बंटी के पिता की भी तीन साल पहले एक सड़क हादसे में मौत हो गई थी। बंटी सिंह सुबह करीब 5:30 बजे अपने घर से बाइक पर सवार होकर चंदौसी शहर के लिए निकला था। रास्ते में एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही बंटी की मां और बहनें अस्पताल पहुंच गईं। शव देखकर सभी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। थाना प्रभारी सचिन कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अज्ञात वाहन की पहचान की जा सके। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
Source link
संभल में अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत:आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर सड़क हादसा, पांच बहनों का इकलौता भाई था