अखिलेश यादव ने सपा सरकार बनने पर 300 यूनिट फ्री बिजली और महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपए पेंशन देने की घोषणा की। उन्होंने कहा- स्मार्ट मीटर के नाम पर उपभोक्ताओं को परेशान किया जा रहा है। बिजली की ठगी के खिलाफ जनता के गुस्से का मीटर हाई है।
.
जरूरत से ज्यादा मीटर रीडिंग आने और बिजली का खर्च बेतहाशा बढ़ने की असली वजह भाजपा का भ्रष्टाचार है। भाजपाई ठेके देने से पहले ही मीटर-बिजली कंपनी से कमीशन वसूल लेते हैं। कंपनियां मीटर को पहले से तेज दौड़ने के लिए सेट करके इसकी वसूली करती हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा ईवीएम की तरह बिजली मीटर में भी हेराफेरी करते हैं। जनता स्वास्थ्य सेवाओं की बर्बादी, खाद की कमी से जूझ रही है। महंगे सिलेंडर और महंगी बिजली के बिल ही भाजपा का कनेक्शन सत्ता से काट देंगे। अखिलेश यादव ने ये बातें सोमवार को सपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं से बातचीत के दौरान कही।

अखिलेश यादव ने सोमवार को सपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं से बातचीत की।
भाजपा की चालों पर रखनी होगी नजर
अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव का परिणाम दोहराते हुए 2027 में ज्यादा से ज्यादा विधायक जिताना है। भाजपा लोकतंत्र और संविधान विरोधी है। इसकी चालों पर नजर रखना होगी। इसने उत्तर प्रदेश को बर्बाद कर दिया है।
अखिलेश ने आरोप लगाया कि प्रदेश की स्वास्थ्य, शिक्षा और बिजली व्यवस्था सब चौपट हो चुकी है। समाजवादी सरकार आने पर ही व्यवस्था में सुधार होगा। हर वर्ग को न्याय मिलेगा। प्रदेश विकास के मार्ग पर तेजी से बढ़ेगी। कानून का राज बहाल होगा।
रणनीति ऐसी बनाएं जिससे भाजपा एक एक सीट को तरसे अखिलेश यादव ने कहा- भाजपा झूठे आरोप लगाकर समाजवादियों को बदनाम करने की कोशिश करती है। भाजपा चाहे जितना भ्रामक प्रचार कर ले, उसकी एक भी चालाकी नहीं चल पाएगी। जनता भाजपा से त्रस्त आ चुकी है। पीडीए समाज भाजपा से मुक्ति चाहता है।
उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुटता और आपसी तालमेल करके भाजपा को 2027 के विधानसभा चुनाव में पराजित करना है। ऐसी रणनीति बनाकर काम करना है जिससे हर सीट पर भाजपा को हराना सुनिश्चित हो जाए। 2027 में भाजपा एक-एक सीट के लिए तरस जाए।
उन्होंने कहा कि भाजपा नरेटिव तो गढ़ती है लेकिन जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरती है। भाजपा राज में मंहगाई बेतहाशा बढ़ गयी है। भ्रष्टाचार के सारे रिकार्ड टूट गए हैं। चारों तरफ लूट-खसोट का बोलबाला है। महिलाएं और बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। महिलाओं की स्थिति दयनीय है।
———————————————
ये खबर भी पढ़ें…
जिस चायवाले के यहां छापा पड़ा, अखिलेश ने उसे बुलाया:पीतल का भगोना दिया; कहा-मेरे पास भी एल्युमिनियम के बर्तन, घर सील कर दें

फतेहपुर में जिस चाय की दुकान पर छापेमारी की गई, उस चायवाले को सपा मुखिया अखिलेश यादव ने लखनऊ में पार्टी दफ्तर बुलाया। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा- चायवाले को परेशान कर रहे हैं। एक मुस्लिम समुदाय के नेता को आगे करके मारपीट कराई, ताकि केस बन सके। पूरी खबर पढ़ें…