![]()
अयोध्या जनपद के रुदौली क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर हुई लाखों की ठगी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस मामले में एक आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए एसएसपी अयोध्या ने 15,000 रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी की पहचान अमितेश उर्फ अभितेश मिश्रा पुत्र शिवरतन लाल मिश्रा के रूप में हुई है। वह दुल्हापुर चौबे, थाना पसगवां, जनपद लखीमपुर खीरी का निवासी है। पुलिस ने बताया कि अमितेश की सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा। यह मामला तब सामने आया जब 21 बेरोजगार युवकों ने कोतवाली रुदौली में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने अवधेश सिंह और गौरव द्विवेदी पर नौकरी दिलाने के बहाने प्रत्येक व्यक्ति से लगभग 80-80 हजार रुपये ठगने का आरोप लगाया। पीड़ितों ने बताया कि जनवरी 2019 में अवधेश सिंह ने जनसेवा केंद्र के पास खुद को BIHAN Publication Pvt. Ltd. का मैनेजर बताया। उसने युवकों को सुपरवाइजर पद पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया और उन्हें लखनऊ स्थित कार्यालय ले जाकर फॉर्म भरवाए। इसके बाद सिक्योरिटी के नाम पर उनसे 80 हजार रुपये जमा कराए गए। मार्च 2019 में, आरोपियों ने युवकों को फर्जी नियुक्ति पत्र और आईडी कार्ड दिए। उन्हें नगरपालिका परिषद रुदौली में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण कार्य में लगा दिया गया। पीड़ितों के अनुसार, तीन महीने तक काम कराने के बाद केवल तीन लोगों के खातों में 10 हजार रुपये भेजे गए, जबकि बाकी किसी को वेतन नहीं मिला। जब युवकों ने भुगतान की मांग की, तो आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी। बाद में, जब सभी युवक आरोपियों के कार्यालय पहुंचे, तो उन्हें वहां ताला लगा मिला। आरोपियों के मोबाइल फोन भी बंद पाए गए। इसके बाद पीड़ितों को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की। इस दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। फरार आरोपी अमितेश की तलाश जारी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित किया गया है।
Source link
ठगी करने वाले पर 15 हजार का इनाम घोषित:अयोध्या में नौकरी लगवाने के नाम पर लाखों ऐंठे, 2 आरोपी पहले हो चुके गिरफ्तार