![]()
अमेठी में आज सुबह पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। संग्रामपुर थाना क्षेत्र के बेलखरी विशेषरगंज मार्ग पर हुई इस मुठभेड़ में बदमाश शनि पांडेय के पैर में गोली लगी। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बदमाश के पास से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, चोरी की बैटरी, एक झटका मशीन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। शनि पांडेय पर 20 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह इसी थाना क्षेत्र के बेलखरी गांव का रहने वाला है। यह घटना देर रात ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत पुलिस की चेकिंग के दौरान हुई। पुलिस टीम बेलखरी विशेषरगंज मार्ग पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार आता दिखा, जिसे पुलिस ने रुकने का इशारा किया।
पुलिस के रोकने पर बाइक सवार ने टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिससे बाइक सवार शनि पांडेय के पैर में गोली लग गई। घायल बाइक सवार की पहचान शंभू नाथ पांडे के पुत्र शनि पांडेय के रूप में हुई। अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि संदिग्धों की चेकिंग के दौरान बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग की थी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी। शनि पांडेय एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी है।
Source link
अमेठी में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, आरोपी के पैर में गोली लगी:20 से अधिक केस दर्ज, तमंचा-कारतूस समेत कई सामान बरामद