विहिप-बजरंग दल ने कलेक्ट्रेट में किया प्रदर्शन:लव जिहाद, अवैध कब्जों पर राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा, कठोर कानून बनाने की मांग


शनिवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। उन्होंने देश में बढ़ती समाज विरोधी गतिविधियों, अवैध कब्जों और विभिन्न सामाजिक चुनौतियों के विरोध में राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। संगठन ने इन मुद्दों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने देश की आंतरिक सुरक्षा और सामाजिक सद्भाव को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की। विहिप नेताओं ने कहा कि वर्तमान में समाज विरोधी गतिविधियों के कारण देश का सामाजिक ताना-बाना छिन्न-भिन्न करने का प्रयास किया जा रहा है। संगठन ने ‘लव जिहाद’ के षड्यंत्र पर विशेष रूप से चिंता जताई। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि ‘लव जिहाद’ का जाल अब सुशिक्षित समाज और व्यावसायिक क्षेत्रों तक फैल चुका है, जिसके हाल ही के कुछ प्रकरणों का भी हवाला दिया गया। इसके अतिरिक्त, ‘अवैध लैंड जिहाद’ को भी एक बड़ी चुनौती बताया गया। ज्ञापन में सरकारी संपत्तियों, वन भूमि और रेलवे की सुरक्षित भूमि पर किए जा रहे सुनियोजित अवैध कब्जों को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बताया गया। धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ का मुद्दा भी उठाया गया। कार्यकर्ताओं ने खान-पान की वस्तुओं को अपवित्र कर समाज में वैमनस्य फैलाने की घटनाओं का जिक्र करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति से मांग की है कि राष्ट्र विरोधी और आपराधिक मानसिकता वाले तत्वों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध त्वरित दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, ‘लव जिहाद’ और जबरन धर्मांतरण जैसे कृत्यों को रोकने के लिए एक कठोर केंद्रीय कानून लागू करने की मांग भी उठाई गई। इस अवसर पर विहिप के जिला अध्यक्ष, बजरंग दल के जिला संयोजक और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री प्रवीण मोहन अग्रवाल ने बताया कि संगठन ने ज्ञापन के जरिए लव जिहाद को लेकर सख्त कानून बनाने और जिहादियों पर कार्रवाई करने की मांग रखी है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि इन सामाजिक बुराइयों पर जल्द अंकुश नहीं लगाया गया, तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से और तेज किया जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *