जिलाधिकारी ने खाद्य एवं रसद विभाग के साथ की बैठक:अन्नपूर्णा भवन निर्माण और राशन व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश


प्रयागराज में शुक्रवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में संगम सभागार में खाद्य एवं रसद विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे, जबकि कई अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के तहत अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण कार्य की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने विभागीय बजट से बन रहे 20 भवनों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं मनरेगा बजट से बनने वाले 68 भवनों में से 34 पर काम शुरू हो चुका है, जिन्हें अप्रैल 2026 तक पूरा करने को कहा गया। बाकी 34 भवनों का निर्माण जल्द शुरू कराने के निर्देश भी दिए गए। डीएम ने वर्ष 2026-27 के लिए हर विकास खंड में 10-10 अन्नपूर्णा भवन बनाने हेतु भूमि चिन्हित करने के निर्देश उपजिलाधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों को दिए। उचित दर दुकानों की स्थिति पर भी चर्चा हुई। जिले में 9 दुकानें निलंबित हैं और 32 ग्रामीण क्षेत्रों में खाली हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि निलंबित दुकानों पर 15 दिन के भीतर फैसला लिया जाए और खाली दुकानों पर भी 15 दिन में नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जाए। राशन कार्ड से जुड़े नए और संशोधन आवेदनों पर भी सख्ती दिखाई गई। डीएम ने निर्देश दिया कि सभी आवेदनों का सत्यापन कर एक सप्ताह के अंदर 100 प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सभी कार्य तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश देते हुए लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *