![]()
पीलीभीत स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार को एक बुजुर्ग की मौत के बाद तनाव की स्थिति पैदा हो गई। परिजनों ने इलाज में घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए इमरजेंसी वार्ड में जमकर हंगामा किया। जानकारी के अनुसार, 70 वर्षीय कुंदन लाल, जो मानसिक रूप से परेशान थे, शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ गटक लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि इमरजेंसी में तैनात मेडिकल स्टाफ ने बुजुर्ग को अटेंड करने में काफी देर की। उन्होंने बताया कि बार-बार गुहार लगाने के बावजूद समय पर सही इलाज शुरू नहीं किया गया, जिसके कारण कुंदन लाल की स्थिति गंभीर होती गई और उनकी मृत्यु हो गई। मेडिकल कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू की बुजुर्ग की मृत्यु होते ही परिजन आक्रोशित हो उठे और उन्होंने मेडिकल कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इमरजेंसी में हंगामे की खबर से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों का कहना था कि यदि समय रहते वरिष्ठ डॉक्टर उन्हें देख लेते, तो उनकी जान बचाई जा सकती थी। हंगामे की सूचना मिलते ही शहर कोतवाल सत्येंद्र कुमार भारी पुलिस बल के साथ मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचे। पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को शांत कराया और काफी मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया। थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार ने बताया, हमें मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में हंगामे की सूचना मिली थी। परिजनों ने इलाज में देरी और लापरवाही की शिकायत की है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट और पोस्टमार्टम के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Source link
पीलीभीत मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में बुजुर्ग की मौत:परिजनों ने किया हंगामा, डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया