सीतापुर में डीसीएम ने बाइक सवार को मारी टक्कर:पति-पत्नी की मौत, मासूम सुरक्षित; ससुराल जा रहा था परिवार


सीतापुर में सोमवार शाम सड़क हादसे में दंपति की मौत हो गई। जबकि उनकी 5 वर्षीय बेटी बाल-बाल बच गई। हादसा कंचनपुर मंदिर के पास तेज रफ्तार डीसीएम की टक्कर से हुआ। मामला सदरपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, कमलापुर थाना क्षेत्र के मुडैनपुरवा मास्टर बाग निवासी अनीत कुमार अपनी पत्नी आशा देवी और पांच वर्षीय बेटी शगुन के साथ बाइक से ससुराल मसेनामऊ जा रहे थे। जैसे ही वे सदरपुर थाना क्षेत्र के कंचनपुर मंदिर के पास पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अनीत कुमार और आशा देवी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। घटना की सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहला ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनकी पांच वर्षीय बेटी शगुन को मामूली चोटें आईं और वह पूरी तरह सुरक्षित है, जो इस दर्दनाक हादसे में एकमात्र राहत की बात रही। घटना की सूचना मिलते ही सदरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में मातम पसरा है और हर कोई इस दुखद घटना से स्तब्ध है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *