विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह ने 'स्कूल चलो अभियान' किया शुरू:भगवतपुर में बच्चों को मुफ्त किताबें बांटी, रैली को दिखाई हरी झंडी


प्रयागराज शहर पश्चिमी के विधायक और पूर्व मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने शनिवार को विकास खण्ड भगवतपुर के पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय में ‘स्कूल चलो अभियान’ (प्रथम चरण) का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने नए प्रवेश लेने वाले बच्चों को निःशुल्क पाठ्य-पुस्तकों का वितरण किया और क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि साल 2017 से पहले यह क्षेत्र माफियागिरी और गुंडागर्दी के लिए जाना जाता था, लेकिन आज यहां चारों ओर विकास हो रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा, “विकास को लगातार जारी रखने के लिए शिक्षा सबसे जरूरी है। जब बच्चे पढ़ेंगे और स्वस्थ रहेंगे, तभी देश आगे बढ़ेगा।”
विधायक ने बताया कि वे अपनी विधायक निधि और कंपनियों के सीएसआर (CSR) फंड के जरिए परिषदीय स्कूलों की तस्वीर बदल रहे हैं। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष देवेन्द्र श्रीवास्तव ने विधायक का आभार जताते हुए बताया कि उनके प्रयासों से भगवतपुर, पीपलगांव, कटहोला और बिसौना जैसे कई स्कूलों में बाउंड्री वॉल, बायो-टॉयलेट, सोलर सिस्टम, खेल के मैदान और डेस्क-बेंच जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले निपुण अध्यापकों को सम्मानित किया। उन्होंने ‘स्कूल चलो अभियान’ की नामांकन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, ताकि गांव-गांव तक शिक्षा का संदेश पहुंच सके। खण्ड शिक्षा अधिकारी शिव अवतार ने बताया कि ब्लॉक के सभी शिक्षक एक मिशन की तरह काम कर रहे हैं ताकि समाज के हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुँच सके। कार्यक्रम का संचालन आकांक्षा शंखधर ने किया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *