शाहजहांपुर में सड़क पर दिखा तेंदुआ, VIDEO:वन विभाग ने जानवरों को घर के बाहर न बांधने की अपील की, तलाश जारी


शाहजहांपुर के खुटार थाना क्षेत्र में तेंदुए की दहशत बनी हुई है। मंगलवार रात सिलहुआ गांव में ग्रामीणों ने सड़क पर एक तेंदुआ देखा, जिसका वीडियो सामने आया है। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई। विभाग ने ग्रामीणों से अपने जानवरों को घर के बाहर न बांधने की अपील की है। घटना मंगलवार रात की है जब कुछ ग्रामीण अपने वाहन से सिलहुआ गांव जा रहे थे। रास्ते में उन्हें सड़क पर एक तेंदुआ चहलकदमी करता दिखा। वाहन की रोशनी पड़ते ही तेंदुआ खेत की ओर चला गया। ग्रामीणों ने इसका वीडियो बना लिया। खुटार थाना क्षेत्र में तेंदुए के दिखने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। पिछले कुछ दिनों में तेंदुआ कई जानवरों को अपना शिकार बना चुका है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है। तेंदुए के डर से लोगों ने घरों से निकलना कम कर दिया है। स्थानीय किसान नेता राम शंकर मिश्रा ने बुधवार को वन विभाग को इस घटना की जानकारी दी। वन विभाग की टीम गांव पहुंची, लेकिन बारिश शुरू होने के कारण उन्हें लौटना पड़ा। वन दरोगा रोहित पांडेय ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे छोटे जानवरों को घरों के बाहर न बांधें और न ही खुला छोड़ें। उन्होंने खेतों पर जाने वाले लोगों को समूह में और डंडे के साथ जाने की सलाह दी है। तेंदुए की तलाश जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *