![]()
पीलीभीत में एक महिला को जहरीले कोबरा सांप ने डस लिया। परिजनों ने सूझबूझ दिखाते हुए सांप को एक डिब्बे में बंद कर महिला के साथ जिला अस्पताल पहुंचाया। ताकि इलाज में मदद मिल सके। घटना मंगलवार सुबह बरखेड़ा थाना क्षेत्र के मदरिया गांव का है। गांव मदरिया निवासी गंगादेई मंगलवार सुबह करीब 8 बजे अपने घर के आंगन में झाड़ू लगा रही थीं। इसी दौरान वहां छिपे एक कोबरा सांप ने अचानक उनके हाथ पर डस लिया। सांप के काटते ही गंगादेई जोर से चीखीं और कुछ ही मिनटों में उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। कोबरा को प्लास्टिक के डिब्बे में बंद महिला की गंभीर हालत देखकर परिजनों ने तुरंत स्थानीय ‘सांप मित्र’ रामकैलास को सूचना दी। रामकैलास ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद कोबरा को सुरक्षित एक प्लास्टिक के डिब्बे में कैद कर लिया। परिजन बिना देरी किए गंगादेई को लेकर जिला अस्पताल भागे और साथ में उस डिब्बे को भी ले गए जिसमें जहरीला कोबरा बंद था। जैसे ही जिला अस्पताल के कर्मचारियों और अन्य मरीजों को पता चला कि तीमारदार अपने साथ जीवित कोबरा लेकर आए हैं, परिसर में हड़कंप मच गया। भारी संख्या में लोग उस डिब्बे को देखने के लिए जमा हो गए। हालांकि, इस सूझबूझ का सकारात्मक परिणाम भी देखने को मिला, क्योंकि सांप की पहचान से इलाज में सटीकता आई। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. रमाकांत सागर ने बताया- सांप की प्रजाति का पता होने से सही एंटी-वेनम देने में आसानी रहती है। उन्होंने कहा कि महिला को समय पर अस्पताल लाया गया, जिससे उनकी जान बच गई। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
Source link
आंगन में झाड़ू लगा रही महिला को कोबरा ने डसा:पीलीभीत में परिजन सांप को डिब्बे में बंद कर अस्पताल लेकर पहुंचे, डॉक्टर देखकर हैरान