![]()
मुजफ्फरनगर में मंगलवार रात करीब 9 बजे शिव मंदिर के 81 साल के पुजारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मोटरसाइकिल सवार दो युवक मंदिर पहुंचे और पुजारी को आवाज दी। कुछ देर बाद पास के क्वार्टर में तैनात PRD जवान ने गोली चलने की आवाज सुनी। वह मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। हत्याकांड के खुलासे के लिए सर्विलांस, SOG और थाना पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं। मामला भौराकलां थाना क्षेत्र के ईआईटीआई भौराकलां का है। DIG ने घटनास्थल का निरीक्षण किया हत्याकांड की सूचना मिलने पर DIG सहारनपुर अभिषेक सिंह मौके पर पहुंचे। SSP सूरज कुमार राय और SP देहात अक्षय संजय महाडीक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस टीमों को साक्ष्य जुटाने और जल्द खुलासे के निर्देश दिए। DIG अभिषेक सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि वारदात को अंजाम देने वाला व्यक्ति स्वामी देवानंद भारती को पहले से जानता हो सकता है। हालांकि, इस पहलू समेत सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच अभी शुरुआती चरण में है और आगे की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर होगी। फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। DIG के अनुसार, मौके से एक गोली भी बरामद हुई है, जो पुजारी के शरीर से आर-पार हो गई थी। पुलिस गोली और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वारदात की परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। जांच टीम यह भी पता लगा रही है कि हमलावरों ने किस दिशा से गोली चलाई और वारदात के बाद वे किस रास्ते से फरार हुए। सर्विलांस और SOG समेत तीन टीमें जांच में जुटीं पुलिस संदिग्धों की पहचान, घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। स्वामी देवानंद भारती की किसी से पुरानी रंजिश या हाल के दिनों में विवाद होने की संभावना भी खंगाली जा रही है। मोटरसाइकिल से पहुंचे दोनों युवकों की पहचान करना जांच का अहम बिंदु है। सेवानिवृत्त फौजी थे स्वामी देवानंद भारती DIG अभिषेक सिंह ने बताया कि स्वामी देवानंद भारती सेवानिवृत्त फौजी थे और मूल रूप से ग्वालियर के निवासी थे। पुलिस उनके पुराने परिचितों, संपर्कों और पृष्ठभूमि से जुड़े तथ्यों की भी जानकारी जुटा रही है। फिलहाल हत्या की वजह और आरोपियों की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।
Source link
मुजफ्फरनगर में मंदिर के पुजारी की गोली मारकर हत्या:बाइक सवार दो युवकों ने आवाज दी, गोली चलने की आवाज सुनकर पीआरडी जवान पहुंचा, हमलावर फरार