सुल्तानपुर में दुर्गा पूजा पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम:मंडलायुक्त और डीआईजी ने किया निरीक्षण, पीएसी-एसडीआरएफ समेत कई टीमें रहेंगी तैनात


सुल्तानपुर में आगामी नवरात्र और दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को अयोध्या मंडल के मंडलायुक्त राजेश कुमार और डीआईजी सोमेन वर्मा ने जिले का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना से लेकर विसर्जन तक सुरक्षा और व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई है। भीड़ और जुलूसों को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती के साथ ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जाएगी। प्रतिमा स्थापना से विसर्जन तक की तैयारियों की समीक्षा मंडलायुक्त राजेश कुमार ने कहा कि सुल्तानपुर में बड़ी संख्या में दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं। इसी वजह से यहां दुर्गा पूजा का आयोजन विशेष महत्व रखता है। आयोजन को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सिविल प्रशासन, पुलिस और अन्य विभागों के साथ जिला दुर्गा पूजा समिति व स्थानीय समितियों के बीच समन्वय बनाया गया है। उन्होंने बताया कि किस तहसील और थाना क्षेत्र में कितनी प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी और उनके विसर्जन की क्या व्यवस्था होगी, इसकी समीक्षा की गई है। विसर्जन का क्रम कई दिनों तक चलता है और इस दौरान लगातार जुलूस निकलते हैं। ऐसे में पुराने अनुभवों को ध्यान में रखकर सुरक्षा और अन्य जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। पीएसी और एसडीआरएफ की टीमें रहेंगी तैनात डीआईजी सोमेन वर्मा ने कहा कि सुल्तानपुर का दुर्गा महोत्सव पुरानी और ऐतिहासिक परंपरा है। यहां हजारों की संख्या में दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं। आयोजन को सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां की हैं। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के लिए कई स्तरों पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा। इसमें रेंज और जोन स्तर के अधिकारियों के साथ पीएसी, एसडीआरएफ और फ्लड कंपनी पीएसी की टीमें शामिल रहेंगी। इसके अलावा ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी और एलआईयू की टीमें भी सक्रिय रहेंगी। जुलूस और विसर्जन के दौरान रहेगी विशेष सतर्कता दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान कई दिनों तक जुलूस निकलने के कारण प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दे रहा है। अधिकारियों के अनुसार, विभिन्न विभागों और स्थानीय समितियों के बीच बेहतर तालमेल बनाकर आयोजन को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने की तैयारी है। पुलिस और प्रशासन की टीमें पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात रहेंगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *