![]()
सहारनपुर के मंडी थाना पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह का मंगलवार दोपहर दो बजे खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 10 बाइक और 2 स्कूटी समेत कुल 12 वाहन बरामद किए हैं। आरोपियों के कब्जे से 2200 रुपये नकद और फर्जी नंबर प्लेट भी मिली है।पुलिस के मुताबिक,आरोपी सहारनपुर के अलावा उत्तराखंड और हरियाणा से भी वाहन चोरी करते थे। चोरी के वाहनों को सकलापुरी रोड स्थित आम के बाग में छिपाकर रखा गया था। आरोपी इन्हें लोडर में भरकर दूसरी जगह ले जाने की तैयारी कर रहे थे। रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में एसपी सिटी व्योम बिंदल ने प्रेसवार्ता में बताया कि, थाना मंडी पुलिस टीम पुराना सकलापुरी रोड पर कूड़ाघर तिराहे के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान काले-लाल रंग की टीवीएस स्टार सिटी बाइक पर सवार एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान शोभित उर्फ शोबी पुत्र तेजपाल उर्फ पाल्ला निवासी सम्राट विक्रम कॉलोनी, थाना मंडी के रूप में हुई। उसकी तलाशी में 1500 रुपये मिले। बाइक की जांच करने पर पता चला कि वह चांद कॉलोनी निवासी शोएब की है और चोरी के मामले में मंडी थाने में मुकदमा दर्ज है। पुलिस टीम शोभित को लेकर बताए गए स्थान पर पहुंची। वहां तिरपाल से ढके वाहनों के पास मौजूद जावेद पुलिस को देखकर भागने लगा,लेकिन टीम ने उसे करीब 10 मीटर पीछा करके पकड़ लिया। इसके बाद तिरपाल हटाकर तलाशी ली गई तो वहां बड़ी संख्या में चोरी के वाहन खड़े मिले। पुलिस के मुताबिक, बरामद वाहनों में कुछ सहारनपुर से, कुछ उत्तराखंड और कुछ हरियाणा से चोरी किए गए थे। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे रेकी करने के बाद वाहन चोरी करते थे। कुछ वाहन दोनों मिलकर चोरी करते थे,जबकि कुछ वारदातों को जावेद अकेले अंजाम देता था।
पुलिस ने बरामद वाहनों के चेसिस और इंजन नंबर के आधार पर ई-चालान एप से उनकी जानकारी जुटाई।इनमें सहारनपुर से चोरी की गई स्प्लेंडर प्लस बाइक भी शामिल है,जिसके संबंध में मंडी थाने में मुकदमा दर्ज है।
Source link
सहारनपुर में वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 12 बाइक-स्कूटी बरामद:दो आरोपी अरेस्ट, UP, उत्तराखंड और हरियाणा से चुराते थे वाहन