![]()
गाजीपुर में ममता अंजलि सर्विस सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के सीएमडी संतोष यादव को सोमवार को गिरफ्तार किया गया। उस पर 18 फीसदी मासिक रिटर्न का लालच देकर 50 हजार से ज्यादा लोगों से करीब 80 करोड़ रुपये ठगने का आरोप है। गिरफ्तारी की खबर मिलते ही कई पीड़ित शहर कोतवाली पहुंचे और रकम वापस दिलाने की मांग की। संतोष यादव वाराणसी के मुनारी कादीपुर का निवासी है। 21 सितंबर को सिब्बू कुमार समेत अन्य की शिकायत पर उसके खिलाफ FIR दर्ज हुई थी। कंपनी ने शुरुआत में कुछ महीने रिटर्न दिया, लेकिन मई 2026 से भुगतान बंद कर दिया। दैनिक भास्कर ने 20 सितंबर को यह मामला उठाया था। निवेशकों ने बताया कि गरीबों और विधवा महिलाओं का पैसा भी फंसा है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट है। न्याय न मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई। बलिया निवासी राहुल कुमार ने बताया कि उनके करीब 50 लाख रुपये फंसे हैं। उनका आरोप है कि रकम वापस मांगने पर फोन पर धमकी दी जाती थी और गाली-गलौज की जाती थी। इंद्रजीत यादव के मुताबिक, उनकी व्यक्तिगत तौर पर 34 लाख रुपये की रकम फंसी है, जबकि उनकी एलायंस क्लब टीम के सदस्यों की कुल रकम करीब तीन से चार करोड़ रुपये बताई गई है। वहीं, मोहम्मदाबाद क्षेत्र के सलेमपुर कोटा निवासी संजय राम ने बताया कि उन्होंने सात लाख रुपये निवेश किए थे। उनके गांव और रिश्तेदारों की मिलाकर करीब 10 लाख रुपये की रकम फंसी हुई है। पीड़ितों ने जांच कराकर रकम वापस दिलाने की मांग की है।
Source link
80 करोड़ ठगी में ममता अंजलि ग्रुप का सीएमडी गिरफ्तार:गाजीपुर में 18% मासिक रिटर्न का लालच देकर 50 हजार से ज्यादा लोगों से ठगे थे पैसे