नोएडा में 78 जगह बनेंगे ईवी चार्जिंग स्टेशन:कंपनी के साथ 10 साल का हुआ समझौता, 48 स्थान तय; सेक्टर-150 से सेक्टर-2 तक मिलेगी सुविधा


शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने और प्रदूषण कम करने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने 78 जगहों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन लगाने की तैयारी की है। इसके लिए सोमवार, 12 अक्टूबर को प्राधिकरण और आईटीआई लिमिटेड के बीच समझौता हुआ। इन स्टेशनों के लिए शहर में 48 स्थान तय किए गए हैं। इससे पहले 24 सितंबर को यूपी रिन्यूएबल एंड ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (UPREV) के साथ भी 30 स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन लगाने का समझौता किया गया था। दोनों समझौतों के बाद शहर में कुल 78 चार्जिंग स्टेशन लगाने की योजना है। 100 चार्जिंग स्टेशन का है लक्ष्य जीएफ एसपी सिंह ने बताया कि प्राधिकरण का लक्ष्य शहर में कुल 100 ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करना है। इनकी मदद से इलेक्ट्रिक कार और दोपहिया वाहन चलाने वालों को चार्जिंग की सुविधा मिलेगी। खास बात यह है कि चार्जिंग स्टेशन लगाने का पूरा खर्च आईटीआई लिमिटेड उठाएगी। प्राधिकरण की ओर से इसके लिए जगह उपलब्ध कराई जाएगी। प्राधिकरण को कोई वित्तीय सहायता नहीं देनी होगी। 10 साल के लिए हुआ समझौता समझौते के मुताबिक, इसकी अवधि 10 साल होगी। जरूरत पड़ने पर इसे आगे बढ़ाया जा सकता है। प्रत्येक स्थान पर कम से कम दो चार्जर लगाए जाएंगे। इनसे एक समय में दो कार और एक दोपहिया वाहन चार्ज किया जा सकेगा। चार्जिंग के दौरान इस्तेमाल होने वाली बिजली के बदले प्राधिकरण को रेवेन्यू शेयरिंग के तहत प्रति यूनिट एक रुपये की दर से राजस्व मिलेगा। इन इलाकों में बनेंगे चार्जिंग स्टेशन प्राधिकरण की ओर से जारी सूची में मेट्रो स्टेशन, बाजार, अस्पताल, पार्किंग स्थल, पेट्रोल पंप और आईटी कंपनियों के आसपास के स्थान शामिल हैं। इनमें सेक्टर-16, सेक्टर-18, सेक्टर-51, सेक्टर-61, सेक्टर-142 और सेक्टर-147 के मेट्रो स्टेशन के आसपास के क्षेत्र भी शामिल हैं। इसके अलावा सेक्टर-150, सेक्टर-100, सेक्टर-110, सेक्टर-82, सेक्टर-92, सेक्टर-119 और सेक्टर-137 में भी चार्जिंग स्टेशन लगाने के लिए जगह तय की गई है। इस योजना से शहर के अलग-अलग हिस्सों में इलेक्ट्रिक वाहन चालकों को चार्जिंग की सुविधा मिल सकेगी

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *