![]()
कानपुर में शारदीय नवरात्रि के मौके पर मंदिरों में साफ-सफाई और श्रद्धालुओं को सुरक्षित दर्शन कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने शहर के प्रमुख देवी मंदिरों का निरीक्षण किया। बिरहाना रोड स्थित तपेश्वरी मंदिर और बारादेवी मंदिर पहुंचकर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को नवरात्रि के दौरान सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। नवरात्रि पर प्रशासन अलर्ट डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने नगर आयुक्त को प्रमुख देवी मंदिरों में पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाए जाने को कहा। इसके अलावा मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में रोजाना सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को गंदगी का सामना न करना पड़े। मंदिरों के आसपास पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने के भी आदेश दिए गए, जिससे रात के समय दर्शन के लिए आने वाले लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। CCTV से होगी भीड़ की निगरानी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मंदिर परिसरों में लगे सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखे जाएं और कंट्रोल रूम से भीड़ की लगातार निगरानी की जाए। किसी भी स्थान पर अधिक भीड़ जुटने की स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि दर्शन व्यवस्था प्रभावित न हो। इसके साथ ही पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से श्रद्धालुओं को जरूरी सूचनाएं देने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग के लिए सिविल डिफेंस के वार्डन की तैनाती के भी निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं के लिए लगेंगे मेडिकल कैंप नवरात्रि के दौरान मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए जिलाधिकारी ने मेडिकल कैंप लगाने के निर्देश दिए। इन कैंपों में प्राथमिक उपचार और जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध रहेंगी, ताकि किसी श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने या आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि नवरात्रि के दौरान व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए। किसी भी तरह की समस्या सामने आने पर उसका तुरंत समाधान कराया जाए। प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रद्धालु शांतिपूर्ण माहौल में देवी मां के दर्शन कर सकें और उन्हें सुरक्षा, सफाई या चिकित्सा सुविधाओं से जुड़ी किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
Source link
देवी मंदिरों में CCTV से होगी निगरानी:तपेश्वरी और बारादेवी मंदिर का DM ने किया निरीक्षण,सफाई और सुरक्षा दुरुस्त करने को कहा