![]()
अयोध्या जिले के खंडासा थाना क्षेत्र के कंदई कला गांव में तमसा नदी में डूबने से 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। शनिवार शाम भैंसों को वापस लाने के लिए नदी पार करते समय युवक गहरे पानी में डूब गया। देर रात तक उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई पता नहीं चला। रविवार सुबह ग्रामीणों को नदी से उसका शव मिला। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के मुताबिक, कंदई कला गांव निवासी मनीराम का पुत्र मोहित शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे तीन भैंसों को चराने के लिए निकला था। चरते समय भैंसें तमसा नदी पार कर दूसरी तरफ चली गईं। उन्हें वापस लाने के लिए मोहित नदी में उतर गया। इस दौरान वह गहरे पानी में पहुंचकर डूबने लगा और लापता हो गया। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। नदी के दूसरी तरफ भैंसें मिल गईं, लेकिन मोहित का कहीं पता नहीं चला। परिजनों और ग्रामीणों ने देर शाम तक उसकी तलाश की। इसके बाद रात करीब 11 बजे खंडासा पुलिस को घटना की सूचना दी गई। पुलिस ने भी तलाश शुरू की। रविवार सुबह नदी में मोहित का शव मिलने के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मोहित दो भाइयों में छोटा था। उसके पिता मनीराम लाइनमैन हैं। बेटे की अचानक मौत से परिवार के लोग सदमे में हैं। घर में मातम पसरा हुआ है। उपजिलाधिकारी मिल्कीपुर पवन कुमार शर्मा ने रविवार को बताया कि मृतक के आश्रितों को मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जा रही है। क्षेत्रीय लेखपाल ने घटना के संबंध में रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेज दी है। थानाध्यक्ष कमलेश सरोज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
Source link
तमसा नदी में डूबने से 19 वर्षीय युवक की मौत:भैंसों को वापस लाने के लिए नदी पार करते समय हुआ हादसा